Sunday, 23 November 2025

शहर कांग्रेस अब अजमेर क्लब से चलेगी। जयपाल की नियुक्ति में राठौड़ का हाथ। देहात में डोटासरा की पसंद हैं विधायक विकास चौधरी। विरोधियों ने संघ की गणवेश वाला फोटो वायरल किया।

लंबे इंतजार के बाद आखिर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल और देहात के जिलाध्यक्ष के पद पर किशनगढ़ के मौजूदा विधायक डॉ. विकास चौधरी की नियुक्ति हो गई है। कहा जा सकता है कि अब शहर कांग्रेस अजमेर क्लब से संचालित होगी। डॉ. जयपाल इसी क्लब के पिछले 20 वर्षो से अध्यक्ष हैं। इसी क्लब में बार का संचालन भी होता है। अजमेर में कांग्रेस का कोई अधिकृत कार्यालय नहीं है, इसलिए निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन भी अपने केसरगंज स्थित कार्यालय से ही कांग्रेस का संचालन करते रहे। जैन ने अपने निजी कार्यालय में ही शहर जिला कांग्रेस कमेटी का कार्यालय खोल रखा था। स्वाभाविक है कि अब डॉ. जयपाल भी अपने अजमेर क्लब से ही कांग्रेस का संचालन करेंगे। वैसे भी पिछले दो वर्षों से अजमेर क्लब शहर कांग्रेस की गतिविधियों का केंद्र रहा है। आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ अजमेर क्लब में ही अपने गुट के कार्यकर्ता की बैठक करते रहे। राठौड़ ने कई बार अजमेर क्लब में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की। डॉ. जयपाल की अध्यक्ष पद पर नियुक्ति में धर्मेन्द्र राठौड़ की सिफारिश रही है। राठौड़ अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं, इसलिए उत्तर क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं अब जब राठौड़, डॉ. जयपाल को शहर अध्यक्ष बनवाने में सफल रहे, तब क्षेत्र में उनकी सक्रियता और बढ़ जाएगी। मालूम हो कि निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन और गत चुनाव में उत्तर क्षेत्र के प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता ने धर्मेन्द्र राठौड़ पर अजमेर में कांग्रेस को कमजोर करने के आरोप लगाए थे। लेकिन अब राठौड़ ने सचिन पायलट गुट के विजय जैन और रलावता को मात दे दी है। अब शहर कांग्रेस पर धर्मेन्द्र राठौड़ का कब्जा हो गया है। कांग्रेस में राठौड़ को पूर्व सीएम अशोक गहलोत के गुट का माना जाता है। चूंकि जयपाल अनुसूचित जाति के हैं, इसलिए उनकी नजर एससी वर्ग के लिए सुरक्षित अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र पर रहेगी। यानी टिकट को लेकर राठौड़ और जयपाल में प्रतिस्पर्धा नहीं होगी। डोटासरा की पसंद: अजमेर देहात जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष किशनगढ़ के विधायक डॉ. विकास चौधरी को बनाया गया है। विधायक चौधरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की पसंद हैं। गत विधानसभा के चुनाव में जब डॉ. चौधरी को भाजपा का उम्मीदवार नहीं बनाया गया, तब डोटासरा ने रातों रात डॉ. चौधरी को भाजपा से निकाल कर कांग्रेस की सदस्यता दिलवा दी और फिर किशनगढ़ से उम्मीदवार भी घोषित करवा दिया। चुनाव में डॉ. चौधरी ने कांग्रेस का उम्मीदवार बनकर भाजपा के भागीरथ चौधरी (अब केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री) को हरा दिया। अब देहात का जिलाध्यक्ष बनवाने में भी डोटासरा की ही भूमिका है। वैसे भी अजमेर देहात में कांग्रेस मरणासन्न स्थिति में है। 8 में से सिर्फ एक कांग्रेसी विधायक विकास चौधरी ही है। डोटासरा को उम्मीद है कि डॉ. चौधरी के नेतृत्व में अजमेर जिले में कांग्रेस मजबूत होगी। लेकिन डॉ. चौधरी की नियुक्ति के साथ ही विरोधियों ने संघ की गणवेश वाले फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं। विरोधियों का कहना है कि एक ओर राहुल गांधी संघ की आलोचना करते हैं तो वहीं संघ के स्वयं सेवक डॉ. विकास चौधरी को ही देहात का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। संघ की गणवेश वाला फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर ही जवाब देते हुए डॉ. चौधरी ने समर्थकों ने कहा कि इसमें छिपाने वाली कोई बात नहीं है, क्योंकि डॉ. चौधरी ने अपनी राजनीति संघ और भाजपा से ही की है। दो वर्ष पहले तक वे संघ और भाजपा में ही सक्रिय थे। चौधरी ने 2018 का विधानसभा चुनाव भाजपा उम्मीदवार के तौर पर ही लड़ा था। S.P.MITTAL BLOGGER (23-11-2025) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment