Wednesday 15 February 2017

#2257
तो वसुंधरा राजे ने अपने घर में भाजपा को किया मजबूत। परनामी और सराफ की उपस्थिति में जेल में बंद बसपा विधायक बी.एल. कुशवाह की पत्नी ने भाजपा की सदस्यता ली।
====================== 
हत्या के आरोप में जेल में सजा काट रहे बसपा विधायक बी.एल. कुशवाह की पत्नी श्रीमती शोभारानी ने 15 फरवरी को धौलपुर में धूमधाम से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। कुशवाह पांच दिनों के पैरोल पर हंै और राजनीति के इस भव्य समारोह को आयोजित करने में उनकी अहम भूमिका रही। हालांकि कुशवाह स्वयं समारोह के मंच पर नजर नहीं आए, लेकिन मंंच की पीछे से कुशवाह ने पूरी कमान संभाल रखी थी। सब जानते हैं कि राजस्थान का धौलपुर सीएम वसुंधरा राजे का ससुराल है। लेकिन गत विधानसभा के चुनाव में मोदी लहर के बाद भी बसपा के बी.एल. कुशवाह ही जीते। कुशवाह की धौलपुर में कुशवाह मतदाताओं पर गहरी पकड़ है। अब चूंकि कुशवाह को सजा हो चुकी है और उनकी विधानसभा की सदस्यता भी खत्म है। इसलिए धौलपुर में उप चुनाव होने हैं। अदालत ने भले ही कुशवाह को हत्यारा माना हो, लेकिन कुशवाह समाज उन्हें अपना नेता ही मानता है। इसलिए सीएम वसुंधरा राजे ने कुशवाह की पत्नी शोभारानी को भाजपा में शामिल कर लिया और अब शोभारानी को ही उप चुनाव में भाजपा का उम्मीदवार बनाया जाएगा। शोभारानी का भाजपा में शामिल होना कितना महत्व रखता है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष परनामी और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ मौजूद थे। सराफ ने अपने भाषण में कहा कि धौलपुर की महारानी और राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे स्वयं इस समारोह में आना चाहती थीं, लेकिन जयपुर में व्यस्तता की वजह से मुझे अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजा है। मैं महारानी साहिबा की ओर से धौलपुर की जनता को यह भरोसा दिलाता हूं कि शोभारानी को भाजपा में पूरा सम्मान किया जाएगा। सराफ ने साफ संकेत दिए कि उप चुनाव में शोभारानी ही भाजपा की उम्मीदवार होगी। सराफ थोड़े दिन पहले तक उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री थे, लेकिन आज सराफ ने अनेक बार वसुंधरा राजे को धौलपुर की महारानी कहकर संबोधित किया। ऐसा लग रहा था कि सराफ लोकतांत्रिक सरकार के मंत्री नहीं बल्कि राजतंत्र के वजीर हंै। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष परनामी ने भी शोभारानी का स्वागत करते हुए कहा कि अब तक वे कुशवाह समाज की नेता थीं, लेकिन भाजपा में आने के बाद 36 कौमों की नेता बन गई हैं। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शोभारानी ने कहा कि वे धौलपुर की महारानी वसुंधरा राजे की आभारी हैं। महारानी जी की वजह से ही मैं भाजपा में आई हूं। महारानी जी जो भी आदेश देंगी, उसे पूरा करूंगी। 
राजनीति का चरित्र 
इसे राजनीति का चरित्र ही कहा जाएगा कि जो विधायक हत्या के आरोप में जेल में सजा भुगत रहा है, उसी विधायक की पत्नी की खातिर राजस्थान की सरकार और पूरा भाजपा संगठन जमीन पर बिछ गया। दल भाजपा हो या कांग्रेस या बसपा, सभी दलों का चरित्र एक जैसा है। वोटों की खातिर सम्पूर्ण भाजपा और उसकी सरकार शोभारानी के सम्मान में खड़ी हैं। भाजपा स्वयं को अलग होने का दावा करती है, लेकिन इस दावे की पोल 15 फरवरी को धौलपुर में खुल गई। 
(एस.पी.मित्तल) (15-02-17)
नोट: मेरी वेबसाइट www.spmittal.in 
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in

No comments:

Post a Comment