Monday 29 April 2024

जेल में बंद खालिस्तान समर्थक अमृत पाल लोकसभा का चुनाव लड़ेगा।पश्चिम बंगाल में मतदान के दिन हथियारों का जखीरा मिला।आखिर देश किस दिशा में जा रहा है।

अलग खालिस्तान देश की मांग करने वाले अमृतपाल सिंह इस बार पंजाब से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। यह घोषणा अमृतपाल की माताजी ने की है। अमृत पाल इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। हो सकता है कि कोई राजनीतिक दल अमृत पाल को अपना उम्मीदवार भी बना दे। सवाल उठता है कि जो व्यक्ति भारत में रहकर अलग देश की मांग करता हो, क्या वह लोकसभा का चुनाव लड़ सकता है? और यदि ऐसा व्यक्ति संसद में पहुंच गया तो फिर संसद के हालातों का अंदाजा लगाया जा सकता है। अमृत पाल के खतरनाक इरादों को देखते हुए ही उसे पंजाब के बजाए असम की जेल में रखा गया है। भारत के संविधान के अनुसार जेल में बंद व्यक्ति भी चुनाव लड़ सकता है। सब जानते हैं कि इस समय पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। आम की सरकार बनने के बाद से ही पंजाब में खालिस्तान के समर्थक की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं।
 
बंगाल में हथियार:
26 अप्रैल को जब द्वितीय चरण में पश्चिम बंगाल में मतदान हो रहा था, तब सीबीआई ने छापामार कार्यवाही कर संदेश खाली से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए। यूं तो बंगाल में अवैध हथियार मिलना आम बात है, लेकिन मतदान वाले दिन विदेशी पिस्तौल, बंदूक, बम आदि मिलना खतरनाक हालातों को प्रदर्शित करते हैं। अंदाजा लगाया जा सकता है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी की सरकार में बंगाल के हालात कैसे हैं। सीबीआई भी हथियारों का जखीरा इसलिए बरामद कर पाई की इस समय पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था चुनाव आयोग के अधीन है। ऐसे में बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात है। इन सशस्त्र जवानों की मदद से ही सीबीआई हथियारों का जखीरा खोज पाई। आम दिनों में बंगाल में टीएमसी की सरकार की पुलिस का नियंत्रण होता है, इसलिए केंद्रीय एजेंसियां सीधे तौर पर कार्यवाही नहीं कर पाती। इसे गंभीर बात ही माना जाएगा कि अपराधियों को बंगाल में सरकार का संरक्षण मिलता है। इसलिए केंद्रीय जांच एजेंसियों की टीमों पर आए दिन हमले होते हैं। सवाल उठता है कि आखिर देश किस दिशा में जा रहा है? यदि अपने ही देश में अलग देश और केंद्रीय जांच एजेंसियों पर हमले जैसी घटनाएं होंगी तो फिर भारत अखंड कैसे रह सकेगा? देश के संघीय ढांचे में राज्यों की सरकारें आपराधिक तत्वों को संरक्षण देगी तो फिर यह देश के लिए खतरनाक होगा। 543 में से अभी लोकसभा की 190 सीटों पर मतदान हो चुका है। शेक्ष 353 सीटों पर मतदान होना है। मतदाताओं को पंजाब और पश्चिम बंगाल के हालात को देखते हुए भी मतदान करना चाहिए। 

S.P.MITTAL BLOGGER (28-04-2024)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511