Friday 29 June 2018

अजमेर में मारुति का शोरूम सीज।

अजमेर में मारुति का शोरूम सीज। 
डीलर सहगल ने कार्यवाही को द्वेषतापूर्ण बताया।
=====
अजमेर में जयपुर रोड पर संचालित मारुति कार के शोरूम को नगर निगम ने 29 जून को सीज कर दिया है। निगम के उपायुक्त गजेन्द्र सिंह रलावता और राजस्व अधिकारी पवन मीणा ने कहा कि आवासीय नक्शे पर काॅमर्शियल निर्माण किया गया है। इसलिए निगम ने अवैध मानते हुए सीज किया है। ऐसी कार्यवाही शहर भर में निरंतर चल रही है। शोरूम के अचानक सीज हो जाने से मारुति के काम काज पर प्रतिकूल असर पड़ा है। वहीं अजमेर के डीलर एसपी सहगल ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने द्वेषतापूर्ण कार्यवाही की है। सहगल ने बताया कि गत वर्ष निगम ने नोटिस दिया था। इसके जावब में निगम को कहा गया कि वर्ष 1990 में शोरूम का निर्माण हो गया था। वैसे भी जिस भूमि पर भवन बना हुआ है वह मास्टर प्लान में काॅमर्शियल दर्ज है। फिर भी एक लाख रुपए की राशि पूर्व में भूरूपांतरण के लिए जमा कराई जा चुकी है। सहगल ने कहा कि तीस साल बाद शोरूम को सीज करना उचित नहीं है। निगम ने हमें सामान निकालने का अवसर भी नहीं दिया। सहगल का कहना है कि उन्होंने जब भूमि खरीदी थी तब आवासीय नक्शा स्वीकृत था। उनके शोरूम के आसपास सभी काॅमर्शियल निर्माण है, जिनमें होटल, शोरूम आदि चल रहे हैं। लेकिन निगम ने भेदभाव पूर्ण तरीके से सिर्फ मेरे शोरूम को ही सीज किया है। उन्होंने कहा कि अब वे स्वायत्त शासन विभाग में अपील कर शोरूम को खुलवाने की कार्यवाही करेंगे।

No comments:

Post a Comment