Sunday 27 February 2022

राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी और अजमेर संभाग के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाए। सांसद-विधायकों को दूर रखा।पूर्व सीएम वसुंधरा राजे इस बार जन्मदिन पर 8 मार्च को बूंदी में करेंगी शक्ति प्रदर्शन।सीएम अशोक गहलोत ने दिल्ली में राहुल और प्रियंका गांधी से मुलाकात की। पुरानी पेंशन योजना को राष्ट्रीय मुद्दा बनाया जाए।

27 फरवरी को राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया एक दिवसीय दौरे पर अजमेर में रहे। पूनिया ने सबसे पहले सुबह 11 बजे एमडीएस चौराहा स्थित रावत कॉम्प्लेक्स में टीवी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। तय कार्यक्रम के अनुसार पूनिया ने जयपुर रोड स्थित भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इसके बाद डॉ. पूनिया ने फॉयसागर रोड स्थित हंस पैराडाइज रिसोर्ट में भाजपा की संभाग स्तरीय बैठक में भाग लिया। इस बैठक से संभाग के सांसदों और विधायकों को दूर रखा गया। बैठक में जिला अध्यक्ष और भाजपा के विभिन्न अभियानों से जुड़े संयोजकों-समन्वयकों को ही बुलाया गया। बैठक में डॉ. पूनिया ने बूथ मैनेजमेंट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। पूनिया ने कहा कि यदि बूथ मैनेजमेंट अच्छा होगा तो आगामी विधानसभा के चुनाव में जीत हो सकती है। बूथ से जुड़े एक एक मतदाता के बारे में भाजपा के कार्यकर्ता को जानकारी होनी चाहिए। जो मतदाता वोट डालने नहीं आते हैं, उन पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों के बारे में मतदाताओं को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। योजनाओं का लाभ दिलवाने में भाजपा कार्यकर्ता भूमिका निभाए। बैठक में अजमेर के प्रभारी और प्रदेश महामंत्री बीरमदेव सिंह शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा, देहात अध्यक्ष देवी शंकर भूतड़ा, शहर भाजपा के महामंत्री संपत सांखला आदि भी मौजूद रहे। बैठक में बाद पत्रकारों से संवाद करते हुए डॉ. पूनिया ने कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल रही है। अभी भले ही बजट घोषणाओं को लेकर वाहवाही लूटी जा रही हो, लेकिन आने वाले दिनों में प्रदेश की जनता को इन घोषणाओं की हकीकत का पता चल जाएगा।
 
वसुंधरा का शक्ति प्रदर्शन:
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस बार अपने जन्मदिन पर 8 मार्च को बूंदी में शक्ति प्रदर्शन करेंगी। राजे ने गत वर्ष जन्मदिन पर भरतपुर के गोवर्धन तीर्थ में धार्मिक अनुष्ठान पर शक्ति प्रदर्शन किया था। इस बार हाड़ौती क्षेत्र के बूंदी को चुना गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती राजे प्रात: 10:30 बजे भगवान केशव देव के दर्शन करेंगी। वहीं जब पूजा अर्चना का बड़ा कार्यक्रम भी रखा गया है। शाम को चंबल नदी में महिला कार्यकर्ताओं के साथ दीपदान करेंगी। जन्मदिन को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर मनाने के लिए प्रदेशभर के राजे समर्थक कार्यकर्ता बूंदी में एकत्रित होंगे। इनमें सांसद, विधायक, स्थानीय निकायों के प्रमुख भाजपा के पदाधिकारी आदि को भी शामिल किया गया है।
 
गहलोत की राहुल प्रियंका से मुलाकात:
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 27 फरवरी को दिल्ली प्रवास पर रहे। गहलोत ने दिल्ली प्रवास में राहुल गांधी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में पांच राज्यों के चुनाव परिणामों को लेकर विचार विमर्श हुआ। यानी चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस की स्थिति पर विचार किया गया। राजस्थान में जुलाई माह में राज्य सभा की चार सीटों के लिए चुनाव होना है। इन चुनावों को लेकर भी बैठक में विचार विमर्श हुआ। गहलोत ने हाल ही में प्रस्तुत बजट के बारे में भी राहुल और प्रियंका को जानकारी दी। इस मुलाकात के बाद मीडिया से संवाद करते हुए गहलोत ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को राष्ट्रीय मुद्दा बनना चाहिए। राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर दिया। यानी जो कर्मचारी वर्ष 2004 में नियुक्ति हुआ है उसे भी सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन मिलेगी। गहलोत ने कहा कि पेंशन योजना सरकारी कर्मचारी को सुरक्षा प्रदान करती है। कर्मचारी को यह पता होता है कि सेवानिवृत्ति के बाद उसे प्रतिमाह पेंशन के रूप में एक निश्चित राशि मिलेगी। ऐसी स्थिति में वह अपने सेवाकाल के दौरान मन लगाकर काम करता है। सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही केंद्र सरकार ने सुरक्षा बलों पेंशन योजना को समाप्त नहीं किया। इसी प्रकार न्यायिक क्षेत्र के कार्मिकों को भी सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन का प्रावधान रखा गया है। सिर्फ सरकार के कर्मचारियों को ही पेंशन से वंचित किया जाना उचित नहीं है। कई राज्यों ने पुरानी पेंशन योजना को लागू करने के लिए कमेटियां बनाई है। लेकिन राजस्थान में पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर पूरे देश में पहल की है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (27-02-2022)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9799123137
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment