Wednesday 3 April 2024

अजमेर संसदीय क्षेत्र में 2019 की बढ़त को बरकरार रखना भाजपा विधायकों के लिए चुनौती।2019 में 4 लाख 13 हजार की बढ़त थी। जबकि हाल ही के विधानसभा चुनाव में मात्र 94 हजार ही रह गई।इस बार जीत का लक्ष्य पांच लाख मतों का रखा गया है।

भाजपा ने राजस्थान में सभी 25 सीटों पर 5 लाख मतों से जीत का लक्ष्य रखा गया है। अजमेर संसदीय क्षेत्र में वर्ष 2019 में भाजपा उम्मीदवार भागीरथ चौधरी ने कांग्रेस उम्मीदवार रिजु झुनझुनवाला से 4 लाख 13 हजार 671 मत ज्यादा प्राप्त किए थे। तब भाजपा को 65 प्रतिशत और कांग्रेस को 31.9 प्रतिशत वोट ही मिले। यानी आधे से भी कम। कपड़ा उद्योगपति झुनझुनवाला ने भीलवाड़ा से अजमेर आकर चुनाव लड़ा था। लेकिन लाख कोशिश के बाद भी झुनझुनवाला मात्र 3 लाख 97 हजार 420 वोट ही प्राप्त कर पाए। जबकि भागीरथ चौधरी को 8 लाख 11 हजार 91 वोट मिले। लेकिन तीन माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में अजमेर संसदीय क्षेत्र में भाजपा की बढ़त 94 हजार 690 मतों की रह गई। यही वजह है कि 2019 वाली बढ़त को बरकरार रखा भाजपा के विधायकों के साथ साथ खुद उम्मीदवार भागीरथ चौधरी के लिए चुनौती पूर्ण है। कांग्रेस ने अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी उम्मीदवार बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में विधानसभा वार और हाल ही के विधानसभा चुनाव में बढ़त स्थिति इस प्रकार है।

दूदू: 2019 के लोकसभा चुनाव में दूदू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 61 हजार 75 मतों की बढ़त मिली थी। जबकि हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रेम चंद बैरवा (अब उपमुख्यमंत्री) को 36 हजार मतों से बढ़त मिल सकी। यानी 2019 की बढ़त को बरकरार रखने के लिए बैरवा को 25 हजार मत ज्यादा चाहिए। बैरवा ने कांग्रेस के उम्मीदवार बाबूलाल नागर को हराया था।

किशनगढ़: 2019 में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 69 हजार 109 वोट ज्यादा मिले थे। यह पूरे संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक बढ़त थी, लेकिन हाल ही के विधानसभा चुनाव में किशनगढ़ से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के लिए यह चुनौतीपूर्ण इसलिए भी है कि विधानसभा का चुनाव खुद भागीरथ चौधरी ने ही लड़ा था। चौधरी को मात्र 37 हजार 534 वोट ही मिल पाए। ऐसे में किशनगढ़ में 2019 की बढ़त को बरकरार रखना भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण है। भाजपा के मौजूदा उम्मीदवार चौधरी किशनगढ़ से पूर्व में दो बार विधायक रह चुके हैं।

पुष्कर: 2019 में पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 55 हजार 564 मतों की बढ़त मिली थी, लेकिन हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सुरेश रावत (अब कैबिनेट मंत्री) मात्र 13 हजार 869 मतों से जीत पाए। यानी पुष्कर से भाजपा को लोकसभा चुनाव की बढ़त को बरकरार रखना है तो 41 हजार से भी ज्यादा मत का अतिरिक्त जुगाड़ करना पड़ेगा।

अजमेर उत्तर: 2019 में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 46 हजार 53 मतों की बढ़त मिली थी। लेकिन हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार वासुदेव देवनानी (अब विधानसभा अध्यक्ष) मात्र 4 हजार 682 मतों से ही जीत पाए। यानी गत लोकसभा चुनाव की बढ़त को बरकरार रखने के लिए भाजपा को 41 हजार से भी ज्यादा अतिरिक्त मतों की व्यवस्था करनी होगी।

अजमेर दक्षिण: 2019 में लोकसभा चुनाव में अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 41 हजार 709 बढ़त मिली थी। जबकि हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार श्रीमती अनिता भदेल मात्र 4 हजार 446 मतों से ही जीत पाई। यानी अब लोकसभा चुनाव में पुरानी बढ़त को बरकरार रखने के लिए भाजपा को 37 हजार भी ज्यादा अतिरिक्त वोट चाहिए।

नसीराबाद: 2019 के लोकसभा चुनाव में नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 52 हजार 975 मतों की बढ़त मिली थी, लेकिन वहीं हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप लांबा मात्र 1 हजार 135 मतों से ही विधायक बन पाए। यानी नसीराबाद से गत लोकसभा चुनाव की बढ़त को बरकरार रखने के लिए 52 हजार मतों की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी।

मसूदा: वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मसूदा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 48 हजार 431 मतों की बढ़त मिली थी। लेकिन हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह कानावत 26 हजार 716 मतों से जीत पाए। यानी 2019 की बढ़त को बरकरार रखने के लिए मसूदा में 21 हजार 715 मतों की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी।

केकड़ी: 2019 के लोकसभा चुनाव में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 38 हजार 777 मतों की बढ़त थी। लेकिन हाल ही के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार शत्रुघ्न गौतम मात्र 7 हजार 542 मतों से ही चुनाव जीत पाए। यानी 2019 की बढ़त को बरकरार रखने के लिए केकड़ी से भाजपा को 31 हजार 231 मतों की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी। 

S.P.MITTAL BLOGGER (03-04-2024)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment