Sunday 14 April 2024

यूनिफॉर्म सिविल कोड, वन नेशन वन इलेक्शन और भ्रष्टाचार पर कार्यवाही देश हित में जरूरी।70 वर्ष से अधिक उम्र वाला हर बुजुर्ग अब आयुष्मान भारत के दायरे में। पशुपालकों को और मछुआरों को भी मिलेगा किसान क्रेडिट कार्ड। मुद्रा योजना में 20 लाख तक का लोन।नवरात्र के छठे दिन भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र।मां कात्यायनी के दो हाथों में कमल का फूल। मोदी तीन के सौ दिन के एक्शन प्लान पर काम शुरू।चुनाव संकल्प पत्र की प्रमुख बातें पीएम मोदी ने खुद बताई।

14 अप्रैल को दिल्ली स्थित भाजपा के मुख्यालय में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का चुनाव संकल्प पत्र जारी हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उपस्थित रहे। इस संकल्प पत्र को मोदी की गारंटी का नाम दिया गया। नड्डा और राजनाथ सिंह ने जहां मोदी सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में बताया वहीं पीएम मोदी ने संकल्प पत्र की प्रमुख बातों की जानकारी दी। मोदी ने अपने अंदाज में कहा कि 14 अप्रैल का दिन इसलिए भी शुभ है कि आज नवरात्र का छठा दिन है। इस दिन को मां कात्यायनी को प्रतीक के रूप में माना जाता है। मां कात्यायनी के दोनों हाथों में कमल का फूल है। मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, उड़ीसा, केरल, तमिलनाडु आदि में नववर्ष के उत्सव मनाए जा रहे हैं। सोने पे सुहागा यह है कि 14 अप्रैल को ही संविधान निर्माता बीआर अंबेडकर की जयंती भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र का देशवासियों को इंतजार रहा। क्योंकि यह संकल्प पत्र मोदी की गारंटी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड, वन नेशन वन इलेक्शन और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्यवाही देश हित में है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भ्रष्टाचार कर गरीबों को लूटा है उनसे पाई पाई वसूली जाएगी। बचे हुए भ्रष्टाचारियों को भी जेल में डाला जाए। मोदी ने कहा कि मोदी तीन सरकार के सौ दिन के एक्शन प्लान पर काम भी शुरू हो गया है। मोदी ने कहा कि संकल्प पत्र में इसमें युवाओं की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। दस साल के पिछले कार्यकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। ऐसे लोग वापस गरीबी की श्रेणी न आए इसके लिए आगामी पांच वर्षों तक प्रति व्यक्ति को पांच किलो राशन मुफ्त दिया जा रहेगा। मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में श्री अन्न यानी मोदी अनाज पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसी प्रकार जन औषधि केंद्रों पर 80 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं जरूरतमंद लोगों को मिलती रहेगी। जिन व्यक्तियों की उम्र 70 वर्ष हो गई है उन सभी को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा। ताकि बुजुर्गों को भी पांच लाख रुपए का इलाज मुफ्त मिल सके। इतना ही नहीं किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ अब सहकारी समितियों से जुड़े पशुपालकों और मछुआरों को भी मिलेगा। अब तक चार करोड़ लोगों को पक्के मकान दिए गए हैं। लेकिन अब तीन करोड़ और लोगों को पक्के मकान मिलेंगे। पीएम सूर्य घर योजना में अब तक एक करोड़ व्यक्तियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। रजिस्ट्रेशन कराने वालों को तीन सौ यूनिट बिजली मिलेगी। मुद्रा योजना में दस लाख की बजाए अब बीस लाख रुपए का लोन मिल सकेगा। इसी प्रकार रेड़ी, पटरी, ठेले वालों को मिलने वाला पचास हजार रुपए के लोन का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। अब छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी बिना गारंटी के लोन मिलेगा। मोदी ने बताया कि ट्रांसजेंडरों को भी आयुष्मान भारत का लाभ दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दस करोड़ महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा। नैनों यूरिया का प्रयोग ज्यादा से ज्यादा हो इस पर भी तेज गति से काम होगा। जनजाति समाज के लोगों को सम्मान देने के लिए अगले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तमिल दुनिया की सबसे पुरानी भाषा है। इसे विश्व स्तर पर सम्मान दिलाया जाएगा। मोदी ने बताया कि भारत किस तेजी के साथ विकास कर रहा है। एक हजार नए विमानों का ऑर्डर दिया गया है। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। वंदे भारत ट्रेन को भी तीन श्रेणियों में बांटा गया है। स्लीपर और चेयरकार के साथ साथ मेट्रो ट्रेन भी चलाई जाएगी। अभी देश के पश्चिम क्षेत्र अहमदाबाद से मुंबई तक बुलेट ट्रेन का काम तेज गति से चल रहा है। लेकिन जल्द ही उत्तर, दक्षिण और पूर्व में भी बुलेट ट्रेन का काम शुरू होगा। मोदी ने कहा कि एनर्जी को आयात करने के लिए भारत को करोड़ों डॉलर खर्च करने होते हैं। एनर्जी के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रीन एनर्जी पर जोर दिया जा रहा है। गत वर्ष ही 17 लाख इलेक्ट्रिक व्हीकल की बिक्री हुई है। मोदी ने कहा कि विश्व में आज अस्थिरता के बादल है। कई क्षेत्र युद्ध से ग्रस्त हैं। ऐसे में भारत में एक स्थिर और मजबूत सरकार का होना जरूरी है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (14-04-2024)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment