Thursday, 6 March 2025
पवित्र रमजान माह में भी पाकिस्तान में नहीं रुक रहे आतंकी हमले। भारत में रहने वाले 25 करोड़ मुसलमान अकीदत और अमन के साथ रमजान में कर रहे है इबादत। इस फर्क के बाद भी समाजवादी पार्टी औरंगजेब जैसे आक्रमणकारी को अच्छा बता रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवभूमि में महा गंगा की पूजा अर्चना की।
इस्लाम में रमजान माह को इबादत करने वाला पवित्र माह माना गया है, इसलिए मुसलमान 18 घंटे का रोजा (उपवास) रखते हैं। अधिकांश मुसलमान इन 18 घंटों में पानी भी नहीं पीते। मन में ऐसा कोई विचार नहीं लाते जो किसी अन्य को नुकसान पहुंचाने वाला हो। रमजान माह में मुसलमान जकात (दान) भी देते हैं। 18 घंटे बाद रोजेदार को फल आदि खिलाने वाले को भी पुण्य मिलता है, लेकिन इसे दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा कि पड़ोसी इस्लामिक देश पाकिस्तान में रमजान माह में भी आतंकी हमले नहीं रुक रहे है। 5 मार्च को ही बन्नू सैन्य बेस पर आतंकियों ने हमला कर पाकिस्तान की सेना को भारी क्षति पहुंचाई। इसमें कई सैनिक जख्मी हुए। इस हमले का उद्देश्य आतंकी शरीफुल्लाह को पाकिस्तानी सेना की कैद से छुड़ाना था। इस आतंकी को अमेरिका की गुप्त सूचना के आधार पर अफगान-पाकिस्तान सीमा से गिरफ्तार किया गया था। वादे के मुताबिक पाकिस्तान को इस आतंकी को अमेरिका को सौंपना है। पाकिस्तान में आए दिन आतंकी हमले हो रहे है। पांच मार्च को तो हमला तब हुआ जब चैम्पियन ट्रॉफी में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सेमीफाइनल का मैच खेल रही थी। यानी आतंकी हमले के समय दो विदेशी टीम लाहौर में मौजूद थी। जिस पाकिस्तान पर दुनिया भर में आतंक फैलाने का आरोप है वहीं पाकिस्तान अब खुद आतंक ग्रस्त है। पाकिस्तान में आम मुसलमान सुरक्षित नहीं है।
भारत में अमन चैन के साथ इबादत:
वहीं पाकिस्तान की सीमा से लगे भारत में 25 करोड़ मुसलमान रमजान माह में अकीदत और अमन के साथ इबादत कर रहे है। भारत में किसी भी मुसलमान को रमजान माह में कोई परेशानी नहीं है। कई राज्यों में तो रोजेदारों को नमाज पढ़ने के लिए सरकारी दफ्तरों में छूट भी दी गई है। सनातन धर्म को मानने वाले हिन्दू समुदाय के लोग मुसलमानों के लिए इफ्तार पार्टी कर रहे हैं। सनातनियों के हाथों में भारतीय मुसलमान रोजा (उपवास) खोल रहे है। भारत का एक भी मुसलमान यह नहीं कह सकता है कि उसे अपने इस्लाम धर्म के अनुरूप रमजान माह में इबादत करने में कोई परेशानी हो रही है।
औरंगजेब को बताया जा रहा है अच्छा:
इस्लामिक देश पाकिस्तान और सनातनियों के बहुसंख्यक वाले देश भारत में रमजान माह के हालातों में फर्क साफ नजर आता है। लेकिन इसके बाद भी समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी का मानना है कि मुगल शासक औरंगजेब एक अच्छा इंसान था। जबकि इतिहास गवाह है कि औरंगजेब ने अपने शासनकाल में सनातन संस्कृति के मंदिरों को तोड़ा और सनातन धर्म को मानने वाले लोगों पर बहुत अत्याचार किए। औरंगजेब की क्रूर शासकों में गिनती होती है। उत्तर प्रदेश में ऐसे लाखों सनातनी है जो समाजवादी पार्टी को वोट देते हैं। पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव स्वयं भी सनातनी है। अब अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि क्या औरंगजेब जैसे सनातन विरोधी क्रूर शासक को अच्छा इंसान कहा जा सकता है? अखिलेश यादव ने अभी तक भी अपनी पार्टी के नेता अबू आजमी के बयान की निंदा नहीं की है। औरंगजेब को अच्छा इंसान बताने से पहले अबू आजमी को पाकिस्तान के हालात देखे लेने चाहिए थे।
महा गंगा की पूजा:
रमजान माह में जब देश के 25 करोड़ मुसलमान इबादत में व्यस्त है, तब 6 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की देवभूमि मुखवा में महा गंगा की पूजा अर्चना की। यह सनातन संस्कृति ही है जो एक नदी के पानी को मां का रूप होने की शिक्षा देती है। यदि इंसान को पानी न मिले तो वह जीवित नहीं रह सकता है। चूंकि पानी ही जीवन है, इसलिए सनातन संस्कृति नदी को मां मानती है। दुनिया में शायद ही कोई संस्कृति होगी जो नदियों को मां मानती हो। नरेंद्र मोदी का मां गंगा की पूजा अर्चना करना बताता है कि देश के प्रधानमंत्री का अपनी संस्कृति के प्रति कितना लगाव है। यही भारत की खूबसूरती है कि मुसलमान रमजान माह में अमन के साथ इबादत कर रहे है तो देश के प्रधानमंत्री नदी को मां मानकर पूजा अर्चना।
S.P.MITTAL BLOGGER (06-03-2025)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9166157932
To Contact- 9829071511
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment