Wednesday, 26 March 2025

लालू की इफ्तारी का कांग्रेस ने बहिष्कार किया। बिहार में दिल्ली की राह चल सकते हैं राहुल गांधी।

25 मार्च को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव की ओर से पटना में इफ्तार पार्टी रखी गई, लेकिन इस पार्टी में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने भाग नहीं लिया। जानकार सूत्रों के अनुसार बिहार के विधानसभा चुनाव में दबाव डालने के लिए कांग्रेस ने लालू की इफ्तारी पार्टी से दूरी बनाई। असल में कांग्रेस जितनी सीटें लेना चाहती है, उतनी सीटें आरजेडी देने को तैयार नहीं है। कांग्रेस का मानना है कि विधानसभा की 70 सीटों पर उनका प्रभाव है, लेकिन आरजेडी अब 70 सीटें कांग्रेस को देना नहीं चाहती। बिहार में कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन है। जानकार सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने संकेत दिए हैं कि यदि सम्मानजनक सीटें प्राप्त नहीं होती है तो बिहार में कांग्रेस अपने दम पर विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। यदि कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ती है तो इसका फायदा भाजपा और जेडीयू गठबंधन को मिलेगा। दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी के साथ समझौता न होने पर कांग्रेस ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए। कांग्रेस भले ही एक सीट भी न जीत पाई हो, लेकिन दिल्ली में आप को हरा दिया। आपके संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी माना कि कांग्रेस की वजह से भाजपा को जीत मिली है। राहुल गांधी और उनके सलाहकारों का मानना है कि क्षेत्रीय दल कांग्रेस से समझौता कर सत्ता में तो आ जाते हैं, लेकिन कांग्रेस को उचित सम्मान नहीं देते। कांग्रेस भले ही अपने दम पर सरकार न बना सके, लेकिन अपने दम पर किसी भी क्षेत्रीय दल को हरा सकती है। इसका ताजा उदाहरण दिल्ली विधानसभा के चुनाव है। कांग्रेस को लगता है कि यदि बिहार में आरजेडी के साथ गठबंधन न हुआ तो फिर आरजेडी को सफलता मिलना संभव नहीं है। इफ्तार पार्टी का बहिष्कार कर कांग्रेस ने लालू प्रसाद यादव को अपनी ताकत का आभास करा दिया है। मालूम हो कि बिहार में राजनीतिक नजरिए से ही इफ्तार पार्टी की जाती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी 23 मार्च को इफ्तार पार्टी रखी। इसमें मुस्लिम प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हालांकि मुस्लिम प्रतिनिधियों को नीतीश की पार्टी से दूर रखने के लिए आरजेडी ने पांच मुस्लिम संगठनों से बहिष्कार की अपील भी करवाई थी, लेकिन आरजेडी का यह प्रयास सफल नहीं हो सका। उल्टे आरजेडी की इफ्तार पार्टी का कांग्रेस ने ही बहिष्कार कर दिया। S.P.MITTAL BLOGGER (26-03-2025) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment