Tuesday, 30 June 2026

मृतक डकैत जगन गुर्जर के प्रकरण में अजमेर कांग्रेस के नेताओं ने सकारात्मक भूमिका निभाई। ============= राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में चंबल नदी के किनारे के जंगलों में कभी आतंक मचाने वाले कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या 29 जून को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में कर दी गई। इस हत्या के बाद अजमेर में जो हालात उत्पन्न हुए उसमें प्रशासन के समक्ष कानून व्यवस्था की स्थिति खड़ी हो गई। 30 जून को अजमेर के जेएलएन अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर बड़ी संख्या में जगन गुर्जर के परिजन और गुर्जर समुदाय के लोग एकत्रित हो गए। ऐसे तनावपूर्ण माहौल में ही जगन गुर्जर के पुत्र आसाराम ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो कानून व्यवस्था बिगड़ जाएगी। आसाराम ने कहा कि वह जगन गुर्जर का खून है और उसे हत्यारों को जेल के अंदर और बाहर भी मारना आता है। ऐसे तनावपूर्ण माहौल में ही अजमेर के कांग्रेस नेता शिव प्रकाश गुर्जर, एडवोकेट हरिसिंह गुर्जर, पार्षद नौरत गुर्जर, हरचंद खटाणा आदि ने सकारात्मक भूमिका निभाई। इन कांग्रेसियों ने जगन गुर्जर के परिजन और प्रशासन के बीच मध्यस्थ का काम किया। कांग्रेस नेताओं की भूमिका से ही आम सहमति बनी कि हत्या की न्यायिक जांच करवाई जाएगी। साथ ही मृतक जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल से दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाएगा। जगन गुर्जर के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए पप्पू गुर्जर को पैरोल भी दी जाएगी। इस सहमति के बाद ही 30 जून की शाम को जगन गुर्जर के शव का पोस्टमार्टम हुआ और रात को ही शव को धौलपुर स्थित पैतृक गांव ले जाया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार 1 जुलाई को पैतृक गांव में ही जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि जिन परिस्थितियों में 29 जून को अजमेर की जेल में जगन गुर्जर की हत्या हुई उसको लेकर अब अनेक सवाल उठ रहे हैं। हाई सिक्योरिटी जेल में ीाी यदि कैदी सुरक्षित नहीं है तो फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठते ही हैं। गंभीर बात तो यह है कि जेल की जिस बैरक में जगन गुर्जर बंद था, उसमें कैमरा भी लगा हुआ है, लेकिन इसके बाद भी एक मामूली अपराधी विष्णु ने जगन गुर्जर जैसे कुख्यात डकैत की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। यही वजह है कि परिजन को हत्या के पीछे बड़ी साजिश नजर आ रही है। परिजन का कहना है कि मामूली अपराधी विष्णु इतने बड़े हत्याकांड को अंजाम नहीं दे सकता। S.P.MITTAL BLOGGER ( 01-07-2026) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment