Tuesday 19 September 2017

#3043
स्मार्ट सिटी में बातें ज्यादा काम कम हो रहा है। स्वायत्त शासन मंत्री कृपालनी की उपस्थिति में देवनानी और अजमेर के अन्य जनप्रतिनिधियों ने जताया असंतोष।
============
19 सितम्बर को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सभागार में राजस्थान के स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने अजमेर जिले की स्थानीय निकाय संस्थाओं के प्रमुखों, विधायकों तथा भाजपा संगठन प्रमुख, प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। अजमेर में होने वाले लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना था, लेकिन निकायों के प्रमुखों, विधायकों और भाजपा के पदाधिकारियों का कहना रहा कि अफसरशाही की वजह से निकायों का काम संतोषजनक नहीं है। 
स्मार्ट सिटी में काम कम बाते ज्यादा-देवनानी:
बैठक में अजमरे उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक और प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने स्पष्ट कहा कि अजमेर को स्मार्ट सिटी बानने की योजना में काम कम और बातें ज्यादा हो रही हैं। यदि कार्यों की गति इसी प्रकार रही तो अजमेर को स्मार्ट बनाने में वर्षों लग जाएंगे। उन्होंने मंत्री कृपलानी को सुझाव दिया कि वे निर्माण कार्यों की स्वयं निगरानी करें ताकि कामों का गति मिल सके। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना में लगे अधिकारी और इंजीनियर बातें बहुत करते हैं, लेकिन मौके पर काम बहुत कम होता है।
स्ट्रीट लाइट पर नाराजगी:
जनप्रतिनिधियों ने सबसे ज्यादा गुस्सा स्ट्रीट लाइट का संचालन करने वाली ईएसएल कंपनी पर उतारा। अजमेर नगर निगम के मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, पुष्कर के पालिकाध्यक्ष कमल पाठक आदि का कहना रहा कि कंपनी के कर्मचारी जन शिकायतों का समाधान नहीं करते हैं। चूंकि कंपनी पर राष्ट्रीय स्तर पर कोई नियंत्रण नहीं है, इसलिए कर्मचारी कोई परवाह नहीं करते। संवाद में यह बात भी सामने आई कि अजमेर जिले में स्ट्रीट लाइट का ठेका इस कंपनी को दिलवाने में स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव मंजीत सिंह की भूमिका रही है। इसलिए कंपनी के कर्मचारी किसी से भी नहीं डरते हैंं। स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल, विधायक भागीरथ चौधरी आदि ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को रखा। संवाद में देहात भाजपा के अध्यक्ष प्रो.बी.पी.सारसस्वत और शहर अध्यक्ष अरविंद यादव ने अपने विचार रखे। यादव ने कहा कि निकाय अधिकारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं है। यादव का यह भी कहना रहा कि बैठक में एजेंडे के विपरित संवाद हो रहा है। अधिकारी वर्ग अपनी मनमर्जी कर रहा है। इस पर मंत्री कृपलानी ने यादव को इशारों में समझाया कि वे उनसे अलग से बात कर लें। 
दो माह से लगातार जल रही है लाइट-सरस्वत:
बैठक में देहात भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रो.बी.पी.सारस्वत ने कहा कि सिविल लाइन स्थित उनके आवास के बाहर स्ट्रीट लाइट पिछले दो माह से लगातार जल रही हैं। दिन में भी लाइट जलने की शिकायत उन्होंने नगर निगम से लेकर सरकार के पोर्टल तक पर दर्ज कराई, लेकिन आज तक भी सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जब मेरे घर के बाहर ही स्ट्रीट लाइट का ये हाल है तो फिर जिले में हालातों का अंदाजा लगाया जा सकता है। सारस्वत की बात सुनते ही मंत्री कृपलानी ने तत्काल मौके पर भेज कर सच्चाई पता लगाया। 
नालों को कवर करें-भदेल:
श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि उनके दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में खुले नालों को कवर किया जाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की योजना ऐसी बनाई जाए जिसमें उनके विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को भी सुविधाएं मिल सके। 
नहीं आए तीन विधायक :
बैठक में केकड़ी के भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम, पुष्कर के सुरेश सिंह रावत तथा मसूदा की श्रीमती सुशील कंवर पलाड़ा नहीं आईं। इन तीनों विधायकों की गैर मौजूदगी संवाद में चर्चा का विषय बनी रही। 
हर समस्या का समाधान होगा-कृपालनी :
बैठक में श्रीचंद कृपलानी ने अजमेर के जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चाहती हैं कि अजमेर का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो, इसलिए अजमेर को स्मार्ट सिटी का तोहफा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का कभी अंत नहीं होता। लेकिन हम सबकी यह जिम्मेदारी है कि सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के सामने लाया जाए। अब जब अजमेर में उपचुनाव होने हैं तो फिर सरकार की उपलब्धियां भी सामने आनी चाहिए। उन्होंने विधायकों और स्थानीय निकायों के प्रमुखों से कहा कि वे अपनी समस्याएं लिखित में उन्हें दे दें वे सबका का समाधान करवाएंगे। 
एस.पी.मित्तल) (19-09-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)

No comments:

Post a Comment