Wednesday 5 January 2022

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल देश के उद्योगपतियों से भाजपा के लिए जबरन चंदा वसूलते हैं यह बात क्या राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को हिन्दुजा बंधुओं या फिर वेदांता समूह के अनिल अग्रवाल ने बताई?

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तीन जनवरी को जयपुर में पिंक सिटी प्रेस क्लब में पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल देश के उद्योगपतियों से भाजपा के लिए जबरन चंदा वसूलते हैं। यूं तो हर राजनीतिक दल कारोबारियों से चंदा प्राप्त करता है, लेकिन सीएम गहलोत ने जिस तरह पीयूष गोयल का नाम लेकर भाजपा पर आरोप लगाया है, वह गंभीर बात है। सवाल उठता है कि आखिर अशोक गहलोत को किस उद्योगपति ने बताया कि पीयूष गोयल जबरन चंदा वसूली कर रहे हैं? मीडिया की तरह मुख्यमंत्री भी अपनी सूचना का स्त्रोत बताने के लिए बाध्य नहीं है। लेकिन इतना जरूर है कि गत 18 दिसंबर को वेदांता समूह के मालिक अनिल अग्रवाल और 20 दिसंबर को हिन्दुजा बंधु अशोक हिंदुजा और प्रकाश हिंदुजा ने जयपुर में मुख्यमंत्री के आवास पर अशोक गहलोत से मुलाकात की थी। उद्योग घरानों के दोनों प्रमुखों से गहलोत ने अकेले में मुलाकात की। इन दोनों उद्योगपतियों से गहलोत ने कांग्रेस के लिए चंदा मांगा या नहीं यह तो पता नहीं लेकिन इन दोनों घरानों के प्रमुखों से मुलाकात के बाद ही अशोक गहलोत ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पर जबरन चंदा वसूली का आरोप लगाया है। तो क्या अशोक गहलोत की सूचना के स्त्रो वेदांता समूह और हिन्दुजा ग्रुप है? सब जानते हैं कि वेदांता समूह के मालिक अनिल अग्रवाल का ही हिन्दुस्तान जिंक पर कब्जा है। अजमेर से लेकर भीलवाड़ा और उदयपुर तक की खानों से अनिल अग्रवाल की कंपनी बेशकीमती खनिज निकाल रही है। पहले अशोक गहलोत जैसी कांग्रेसी अनिल अग्रवाल को भाजपा का उद्योगपति बताते थे, लेकिन अब राजस्थान में अनिल अग्रवाल के सबसे हमदर्द दोस्त मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं। अनिल अग्रवाल अब अजमेर-भीलवाड़ा में चाहे जैसे खनिज का दोहन करें, राजस्थान की कांग्रेस सरकार को कोई एतराज नहीं है। भूमिगत विस्फोट से भले ही क्षेत्र के आसपास के मकानों में दरारें आए। भले श्रमिकों की जान जोखिम में हो, लेकिन अग्रवाल की खानों पर राज्य सरकार का कोई कानून लागू नहीं होता है। अनिल अग्रवाल आठ सिविल लाइन में सीधी एप्रोच है। अशोक गहलोत को तो अनिल अग्रवाल से जबरन चंदा वसूली की जरूरत भी नहीं है, क्योंकि अग्रवाल तो कांग्रेस को चंदा देने के लिए तैयार ही रहते हैं। अब कांग्रेस को बताना चाहिए कि वेदांता समूह से कितने करोड़ रुपए का चंदा मिला है।
S.P.MITTAL BLOGGER (05-01-2022)
Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9799123137
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment