Friday 17 February 2023

भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी को राज्यपाल बनाए जाने का कोई प्रस्ताव नहीं।लगातार पांचवीं बार अजमेर उत्तर क्षेत्र से ही चुनाव लड़ने की तैयारी।पुष्कर के चित्रकूट धाम में शिवरात्रि पर आध्यात्मिक भस्म आरती।

राजस्थान में भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया को गत 12 फरवरी को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया तो मीडिया में चर्चा हुई कि भाजपा के चार बार के विधायक वासुदेव देवनानी को भी राज्यपाल बनाया जा सकता है। लेकिन अब भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि देवनानी को राज्यपाल बनाए जाने का कोई प्रस्ताव किसी भी स्तर पर विचाराधीन नहीं है। 79 वर्षीय कटारिया को राज्यपाल बनाने के पीदे कई कारण हैं। कटारिया वाले कारण देवनानी के साथ नहीं है, वैसे देवनानी से पहले राजस्थान में कई भाजपा नेता हैं जो न केवल वरिष्ठ है, बल्कि उनका राजनीतिक अनुभव बहुत ज्यादा है। देवनानी तो 2003 में सक्रिय राजनीति में आए हैं। राजनीति में आते ही देवनानी ने सिंधी बाहुल्य माने जाने वाले अजमेर उत्तर से विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2018 तक देवनानी इसी क्षेत्र से चुनाव जीतते आ रहे हैं। 2013 और 2018 में भी देवनानी का टिकट कटवाने के लिए अजमेर के कई नेता सक्रिय हुए, लेकिन देवनानी को न केवल टिकट मिला, बल्कि उन्होंने जीत भी हासिल की। 2003 और 2013 में जब वसुंधरा राजे के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो देवनानी मंत्री भी बने। देवनानी चार बार विधायक और दो बार मंत्री पद का स्वाद चख चुके हैं। इसलिए देवनानी पांचवीं बार भी अजमेर उत्तर से ही विधायक बनने के इच्छुक हैं। यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो देवनानी की मंत्री पद पर भी मजबूत दावेदारी होगी। हालांकि 75 वर्ष की उम्र की दुहाई देकर अनेक भाजपा नेता देवनानी का टिकट कटवाना चाहते हैं, लेकिन ऐसे नेताओं को भी पता है कि देवनानी का टिकट कटाना आसान नहीं है। भाजपा में चर्चा है कि इस बार 75 वर्ष वाले नेताओं को उम्मीदवार न बनाए जाने का नीतिगत निर्णय होगा। अजमेर उत्तर सामान्य वर्ग की सीट है, लेकिन सिंधी बाहुल्य माने जाने के कारण देवनानी को टिकट मिलने में आसानी होती है, क्योंकि अब प्रदेश स्तर पर जातिगत समीकरण बैठाए जाते हैं, तब सिंधी जाति के नाम देवनानी को प्राथमिकता मिलती है। अजमेर शहर की दूसरी सीट एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में भाजपा के सामान्य वर्ग के नेताओं का सवाल है कि आखिर वे कब तक दरिया बिछाने और नारे लगाने का ही काम करते रहेंगे। जबकि चुनाव में सामान्य वर्ग की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अजमेर शहर की दोनों सीटों पर गत चार बार से भाजपा की जीत हो रही है, इसलिए सामान्य वर्ग के सभी नेताओं की नजर उत्तर क्षेत्र पर ही लगी हुई है। ऐसे में भाजपा नेता देवनानी का टिकट कटवाने के लिए उतावले हैं। लेकिन देवनानी के लिए यह प्लस पॉइंट है कि उत्तर क्षेत्र से सामान्य वर्ग का कांग्रेस का उम्मीदवार भी चुनाव नहीं जीत पाता है। 2008 और 2013 में कांग्रेस ने डॉ. श्रीगोपाल बाहेती तथा 2018 में राजपूत समाज के प्रभावशाली नेता महेंद्र सिंह रलावता को उम्मीदवार बनाया, लेकिन जीत भाजपा उम्मीदवार के तौर पर देवनानी की ही हुई। देवनानी की उम्मीदवारी से सिंधी समुदाय के वोट एकजुट हो जाते हैं। यह बात अलग है कि उत्तर क्षेत्र के अधिकांश मतदाताओं की मानसिकता भाजपा विचारधारा की है। इस विचारधारा के चलते ही देवनानी की जीत और आसान हो जाती है। इस क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भी खास प्रभाव है। इस बार संघ से जुड़े रहे प्रभावशाली स्वयंसेवक भी देवनानी के सामने दावेदारी जता रहे हैं। हालांकि देवनानी स्वयं भी संघ की पृष्ठभूमि के हैं। टिकट कटवाने वाले भाजपाई चाहे जो तर्क दें, लेकिन देवनानी ने अपनी लोकप्रियता को बरकरार रखा है। अपने निर्वाचन क्षेत्र में आसानी से सुलभ भी हैं। यदि उम्र आड़े नहीं आई तो देवनानी पांचवीं बार भी भाजपा के उम्मीदवार होंगे। अभी टिकट की दावेदारी की मार्केटिंग में देवनानी सबसे आगे हैं।
 
आध्यात्मिक भस्म आरती:
शिवरात्रि पर्व पर 18 फरवरी को पुष्कर के देव नगर रोड स्थित चित्रकूट धाम पर सायं छह बजे आध्यात्मिक भस्म आरती होगी। धाम के मुख्य उपासक पाठक जी महाराज ने बताया कि शिवरात्रि पर प्रात: 7 बजे से सायं चार बजे तक 11 फीट ऊंचे शिवलिंग पर जलाभिषेक भी किया जाएगा। इस जलाभिषेक में कोई भी श्रद्धालु भगा ले सकता है। पूजा सामग्री चित्रकूट धाम प्रबंध समिति की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। उज्जैन महाकाल के बाद पुष्कर का चित्रकूट धाम ऐसा धार्मिक स्थल है जहां इतने बड़े पैमाने पर भस्म आरती की जाती है। कोई 51 किलो ऑर्गेनिक राख से भस्म आरती की जाएगी। भस्म आरती के दौरान शिवलिंग और पाठक जी महाराज के दिव्य दर्शन होते हैं। चित्रकूट धाम के शिवरात्रि पर्व के आयोजनों के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9772255376 पर पाठक जी महाराज से ली जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (17-02-2023)
Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 98290715112

No comments:

Post a Comment