Monday 8 January 2024

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का जन्मदिन इस बार अजमेर उत्तर क्षेत्र के मतदाताओं को समर्पित होगा। 11 जनवरी को धूमधाम से मनेगा।भाजपा विधायक देवी सिंह शेखावत का किशनगढ़ में शानदार स्वागत।

राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी इस बार अपने जन्मदिन को अजमेर उत्तर क्षेत्र के मतदाताओं को समर्पित करेंगे। देवनानी इस क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार चुनाव जीते हैं। 11 जनवरी को जन्मदिन के अवसर पर शहर भर में अनेक कार्यक्रम होंगे। भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि देवनानी सुबह धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे तथा गौशालाओं में गायों को चारा खिलाएंगे। अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। दोपहर को देवनानी के फॉयसागर रोड स्थित निवास स्थान पर सुंदर कांड का पाठ होगा तथा शाम को हंस पैराडाइज समारोह स्थल पर स्नेह भोज भी रखा गया है। समारोह स्थल पर लोग अपनी शुभकामनाएं भी देवनानी को दे सकेंगे। सोनी ने बताया कि इस बार देवनानी के जन्मदिन को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मालूम हो कि देवनानी हाल ही के विधानसभा चुनाव में अजमेर उत्तर से कड़े संघर्ष में चुनाव जीते हैं। देवनानी ने कहा है कि यह चुनाव अजमेर उत्तर जनता की जीत है और जनता के आशीर्वाद से ही वे विधानसभा के अध्यक्ष बने हैं। यही वजह है कि उनका जन्मदिन क्षेत्र के मतदाताओं को समर्पित है। देवनानी ने कहा कि चुनाव में जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से संवाद किया गया है। बीसलपुर बांध से अजमेर शहर तक जिन स्थानों पर पाइप लाइन बदलनी है उसका कार्य शीघ्र ही शुरू होगा। देवनानी ने बताया कि अजमेर में जल वितरण का काम देखने वाले इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन क्षेत्रों में तीन दिन में एक बार पेयजल की सप्लाई हो रही है उसे जल्द ही दो दिन के अंतराल में किया जाए। देवनानी ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों को चौबीस घंटे में पेयजल की सप्लाई हो।
 
शेखावत का स्वागत:
7 जनवरी को किशनगढ़ में भाजपा के विधायक देवी सिंह शेखावत का जोरदार स्वागत किया गया। शेखावत ने कांग्रेस सरकार की उद्योगमंत्री रहीं शकुंतला रावत को हराया है। शेखावत के भाई प्रताप सिंह शेखावत किशनगढ़ में ही रहते हैं। अपने भाई के निवास पर आने पर किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन की ओर से विधायक शेखावत का स्वागत किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मार्बल कारोबारियों की समस्याओं के समाधान में शेखावत का सहयोग मिलता रहेगा। इस अवसर पर शेखावत ने कहा कि मार्बल कारोबारियों की समस्याओं के समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा। मार्बल एरिया में कई स्थानों पर विधायक शेखावत का स्वागत किया गया। आरके मार्बल बाहर भी शेखावत का जोरदार स्वागत हुआ। विधायक शेखावत के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिला कलेक्टर डॉ. भारती दीक्षित, सांसद भागीरथ चौधरी, किशनगढ़ के पूर्व विधायक सुरेश टाक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

S.P.MITTAL BLOGGER (08-01-2024)

Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment