Friday 5 January 2024

जब 22 जनवरी को दीपावली पर्व है तो फिर इस दिन राष्ट्रीय अवकाश भी घोषित हो।अजमेर में भी 22 जनवरी को मीट की दुकानें बंद हों।सफाई कर्मी देंगे, मंदिर आने का निमंत्रण।

विश्व हिन्दू परिषद राजस्थान के चित्तौड़ प्रांत के सह मंत्री शशि प्रकाश इंदौरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजकर 22 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किए जाने का आग्रह किया है। इंदौरिया ने प्रधानमंत्री को याद दिलाया कि 30 दिसंबर को अयोध्या में उन्होंने कहा था कि 22 जनवरी को जब मंदिर में भगवान राम की प्रतिमाएं स्थापित हों तब घरों पर दीपक जलाए जाएं। पीएम ने इस दिन को दीपावली पर्व की तरह मनाने का आह्वान किया। इंदौरिया ने कहा कि पीएम मोदी जब कोई आह्वान करते हैं तो देश की जनता उस पर अमल भी करती है। इंदौरिया ने कहा कि जब हम 22 जनवरी को दीपावली पर्व मना रहे हैं तब राष्ट्रीय अवकाश भी घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनना देशवासियों की आस्था से जुड़ा हुआ है। पीएम को देशवासियों की आस्था का भी ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद के आह्वान पर देश का हर नागरिक 22 जनवरी को निकटतम मंदिरों में उपस्थित रहेगा। अयोध्या में प्रातः 11  से दोपहर 1 बजे तक उपस्थित रहेगा। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का जो समारोह होगा उसे मंदिरों में टीवी स्क्रीन लगाकर देखा जाएगा। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित होना चाहिए। इंदौरिया ने बताया कि इस संबंध में विहिप के राष्ट्रीय पदाधिकारी पीएम मोदी से लगातार संपर्क में है। राम मंदिर से जुड़ी विहिप की ताजा घटनाओं की जानकारी मोबाइल नंबर 9414666774 पर शशि प्रकाश इंदौरिया से ली जा सकती है।
 
मीट की दुकानें बंद हों:
इंदौरिया ने अजमेर की मेयर ब्रज लता हाड़ा से भी आग्रह किया है कि 22 जनवरी को नगर निगम के क्षेत्र में आने वाली मीट की दुकानों को बंद रखने के आदेश दिए जाए। इंदौरिया ने बताया कि जनभावनाओं का ख्याल रखते हुए जयपुर में मीट की दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया है। जयपुर की तरह अजमेर में भी 22 जनवरी को मीट की दुकानें बंद रखनी चाहिए।
 
सफाई कर्मी देंगे निमंत्रण:
अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण देने के लिए अजमेर के वार्ड 38 के भाजपा पार्षद एडवोकेट देवेंद्र सिंह शेखावत ने सामाजिक समरसता का काम किया है। उन्होंने अपने वार्ड के सफाई कर्मियों से कहा है कि वे घर घर जाकर लोगों को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दें। इसके लिए शेखावत ने सफाई कर्मियों को राम मंदिर के फोटो वाला कैलेंडर भी दिया है। सफाई कर्मी निमंत्रण के साथ साथ कैलेंडर भी लोगों को देंगे। निमंत्रण में  मंदिर के बारे में जानकारी दी जाएगी, जहां से टीवी पर अयोध्या धाम के समारोह को लाइव देखा जाएगा। शेखावत ने बताया कि उनके वार्ड के सभी मंदिरों में टीवी लगाकर लाइव प्रोग्राम को दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने अपने जीवन काल में सामाजिक समरसता को विशेष महत्व दिया था। राम के सिद्धांतों का पालन करते हुए ही उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण के लिए अपने वार्ड के सफाई कर्मियों का चयन किया है। उन्होंने बताया कि जो रंगीन कैलेंडर छपवाए गए हैं उन्हें शहर भर में वितरित किया जाएगा। इस संबंध में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9749922222 पर देवेंद्र सिंह शेखावत से ली जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (05-01-2024)

Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment