Monday 23 May 2022

अजमेर के निकट ऊंटड़ा में 60 जोड़ों का सामूहिक निकाह।इदारा दावतुल हक की मुस्लिम समाज में सकारात्मक पहल।धर्मेन्द्र राठौड़ और पूर्व मंत्री नसीम अख्तर एक साथ।

22 मई को अजमेर के निकट ऊंटड़ा गांव में शैक्षिक और सामाजिक संस्था इदारा दावतुल हक संस्था की ओर से 60 जोड़ों का सामूहिक निकाह प्रोग्राम किया गया। संस्था के प्रमुख मौलाना अयूब कासमी ने बताया कि प्रतिवर्ष ऐसे प्रोग्राम किया जाता है। दूल्हा-दुल्हन को घरेलू सामान भी संस्था की ओर से दिया जाता है। दोनों पक्षों के रिश्तेदारों को भोजन भी संस्था की ओर से नि:शुल्क करवाया जाता है। सामूहिक निकाह का उद्देश्य मुस्लिम समाज में गरीब वर्ग के लोगों के निकाह अच्छे तरीके से करवाने का है। इससे समाज में फिजूलखर्ची भी रुकती है। सामूहिक निकाह के प्रोग्राम में पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर, मौलाना हुजेब बस्तानी, खादिमों की संस्था अंजुमन  शेखजादगान के अध्यक्ष अब्दुल जर्रार चिश्ती, डीएसपी शमशेर खान, एडवोकेट हाजी फैयाज उल्ला, नवाब हिदायतुल्ला, अंजुमन सैयद जादगान के सचिव वाहिद हुसैन अंगारा, हाजी महमूद खान, पीर नफीस मियां चिश्ती, सलावत खां, पार्षद शाकिर, सैयद सलीम चिश्ती आदि ने एक साथ 60 निकाह के प्रोग्राम की तारीफ करते हुए कहा कि यह समाज में एक सकारात्मक पहल है। सभी का मानना रहा कि महंगाई के इस दौर में सामूहिक निकाह के आयोजन होते रहने चाहिए। इस अवसर पर संस्था के प्रमुख मौलाना अयूब कासमी ने बताया कि निकाह के खर्च के लिए किसी भी परिवार से कोई राशि नहीं ली जाती है। संस्था सामूहिक निकाह के साथ-साथ शैक्षिक और अन्य सामाजिक गतिविधियां भी करती है। मुस्लिम बच्चों को शिक्षा देने के लिए संस्था की ओर से शैक्षिक संस्थान भी चलाए जाते हैं। इन संस्थानों में बच्चों को कम्प्यूटर शिक्षा भी दी जाती है। सामूहिक निकाह के प्रोग्राम में ऊंटड़ा के आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संस्था की सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों की और अधिक जानकारी के लिए मोबाइल 9950578600 पर मौलाना अयूब कासमी से संवाद किया जा सकता है।
 
राठौड़ और नसीम एक साथ:
60 जोड़ों का निकाह का प्रोग्राम पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य गांव ऊंटड़ा में हुआ। इस प्रोग्राम की चर्चा अब इसलिए भी हो रही है कि राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ और पुष्कर की पूर्व विधायक श्रीमती नसीम अख्तर एक साथ नजर आए। इस प्रोग्राम में श्रीमती नसीम और उनके पति इंसाफ अली की भी सक्रिय भूमिका रही। हालांकि यह प्रोग्राम सामाजिक सरोकारों से जुड़ा था, लेकिन इसमें राजनेताओं की उपस्थिति चर्चा का विषय रही। पिछले दो वर्ष से धर्मेन्द्र राठौड़ पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष बनने के बाद भी पुष्कर पर राठौड़ की विशेष नजर रही है। राठौड़ का कहना है कि वे पुष्कर के नांद गांव के निवासी है। पुष्कर में सक्रियता की वजह से ही यह माना जा रहा है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा के चुनाव में राठौड़ कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं, लेकिन वहीं पूर्व विधायक और मंत्री रही नसीम अख्तर भी पुष्कर से अपनी दावेदारी नहीं छोड़ रही है। श्रीमती अख्तर पुष्कर की विधायक रह चुकी है लेकिन पिछले दो चुनावों में उन्हें  सफलता नहीं मिली है, लेकिन श्रीमती अख्तर और उनके पति इंसाफ अली इस विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं। श्रीमती अख्तर की लोकप्रियता आज भी बनी हुई है। सामूहिक निकाह के प्रोग्राम में धर्मेन्द्र राठौड़ की उपस्थिति को उनकी पुष्कर की राजनीति में घुसपैठ माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि सामूहिक निकाह में राठौड़ की उपस्थिति को श्रीमती नसीम किस तरह से देखती हैं। यहां यह उल्लेखनीय है कि पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी खासी है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (22-05-2022)
Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment