Thursday 23 November 2023

वसुंधरा राजे ने मोदी-मोदी के नारे लगवाए तो पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर वसुंधरा राजे के साथ वाला फोटो पोस्ट किया।दोनों नेताओं की यह तस्वीर राजस्थान में आने वाले दिनों में भाजपा की राजनीति दर्शाती है।

विधानसभा चुनाव के बाद राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भूमिका क्या होगी, इसको लेकर भाजपा में अनेक चर्चाएं हैं। लेकिन 21 नवंबर को वसुंधरा राजे के गढ़ अंता बारां में जो चुनावी सभा हुई उसमें राजे और पीएम मोदी के बीच जबरदस्त तालमेल देखने को मिला। आमतौर पर पीएम की सभाओं में मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अथवा केंद्रीय मंत्री होते हैं। लेकिन 21 नवंबर की सभा में मंच पर सिर्फ मोदी और वसुंधरा राजे ही रहे। फूलों की बड़ी माला के घेरे में मोदी और राजे की फोटो ही नजर आई। माला के घेरे में आने के लिए भाजपा नेताओं के बीच कोई धक्का मुक्की भी नहीं हुई। मोदी की उपस्थिति में राजे ने लंबा भाषण दिया। भाषण के दौरान राजे ने कई बार मोदी मोदी के नारे भी लगवाए। इतना ही नहीं राजे ने अपने संबोधन में कहा कि हम सब मिलकर तीसरी बार मोदी जी को देश का प्रधानमंत्री बनवाएंगे। मोदी ने भले ही अपने संबोधन में वसुंधरा राजे का नाम न लिया, लेकिन सभा के बाद मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर वसुंधरा राजे के साथ वाला फोटो पोस्ट किया। पीएम ने राजे के पुत्र और झालावाड़ के सांसद दुष्यंत सिंह का नाम लेकर राजे को गदगद कर दिया। अंता बारां की सभा में दोनों दिग्गज नेताओं के बीच जो तालमेल देखने को मिला उससे आने वाले दिनों में राजस्थान में भाजपा की राजनीति को समझा जा सकता है। 2018 के विधानसभा चुनाव में हारने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राजस्थान में कई प्रयोग किए। इन प्रयोगों के बीच ही वसुंधरा राजे ने अनेक बार शक्ति प्रदर्शन भी किया। यह माना गया कि भाजपा संगठन और वसुंधरा राजे आमने सामने है। राजे ने भी धार्मिक ग्रंथ के पात्रों का उदाहरण देते हुए अपनी बात को तीखे अंदाज में रखा। विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले पीएम मोदी की जो सरकारी कार्यक्रम हुए उनमें भी वसुंधरा राजे के प्रति उपेक्षा का भाव देखा गया। लेकिन उम्मीदवारों के चयन में जिस तरह राजे की राय को प्राथमिकता दी गई, उससे अंदाजा लगाया गया है कि परिणाम के बाद राजे की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। ऐसे अंदाजे को 21 नवंबर को चुनावी सभा में और मजबूती मिली है। अंता बारां की सभा में जो भीड़ जुटी उसका श्रेय भी मोदी ने राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह को दिया। पीएम का कहना रहा कि सुबह की सभा में लोगों का आना बहुत मायने रखता है। लेकिन दुष्यंत सिंह ने इस कठिन कार्यों को भी किया है। इसमें कोई दो राय नहीं कि पीएम की सभा में भीड़ जुटाने में सांसद दुष्यंत सिंह और उनकी माताजी वसुंधरा राजे ने बहुत मेहनत की। राजे ने जब मोदी मोदी के नारे लगवाए तब भाजपा के नेता भी आश्चर्यचकित थे। क्योंकि इससे पहले राजे ने कभी भी इस तरह के नारे नहीं लगवाए। जाहिर था कि राजे पीएम मोदी को खुश करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। 


S.P.MITTAL BLOGGER (22-11-2023)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment