Saturday, 26 October 2024

राजस्थान की राजनीति में चुहिया से लेकर मगरमच्छ, हाथी तक का बोलबाला।वाकई राजनीति के जंगल में अजीब अजीब जानवर है।

राजस्थान में विधानसभा के सात उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होना है। यही वजह है कि इन दिनों राजनेताओं की जुबान सातवें आसमान पर है। 25 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री पिछले दस महीने ये चिल्ला रहे है कि पेपर लीक के मामले में बड़े बड़े मगरमच्छ पकड़े जाएंगे, लेकिन अभी तक चुहिया भी नहीं पकड़ी गई है। डोटासरा के इस बयान पर पलटवार करते हुए 26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस चिंता न करे चुहिया के साथ साथ हाथी भी पकड़े जाएंगे। पेपर लीक करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। भाजपा सरकार के गठन के बाद पेपर लीक करने वालों को पकडऩे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी ने अब तक 200 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों को पकड़ने का काम जारी है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पिछले शासन में 18 परीक्षाओं का प्रश्नपत्र लीक हुए। हमारे दस माह के शासन में कई परीक्षाएं हुई है, लेकिन एक का भी प्रश्न पत्र लीक नहीं हुआ। असल में कांग्रेस के शासन में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। डोटासरा और भजनलाल शर्मा के बयान अभी जग है, लेकिन प्रदेश की जनता की चुहिया के साथ साथ हाथी और मगरमच्छों के पकड़े जाने के इंतजार में है। एसआईटी की रिपोर्ट के बाद सरकार ने आरओ पद की परीक्षा निरस्त कर दी है, लेकिन इसी परीक्षा के पेपर लीक के मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग की सदस्य संगीता आर्य और मंजू शर्मा से भी पूछताछ हुई है। यह दोनों महिला सदस्य बहुत प्रभावशाली है। संगीता आर्य प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके निरंजन आर्य और मंजू शर्मा प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास की पत्नी है। एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक के मामले में भी लगातार गिरफ्तारियां हो रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि राजनीति के जंगल में कैसे कैसे जानवर विचरण कर रहे हैं। 

S.P.MITTAL BLOGGER (27-10-2024)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment