Tuesday 10 January 2023

73वें जन्मदिन के मौके पर चुनौतियां भी कम नहीं है, भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी के सामने।केकड़ी में पूर्व पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल का भी जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन।

राजस्थान में भाजपा के चर्चित विधायक वासुदेव देवनानी 11 जनवरी को अपना 73वां जन्मदिन धूमधाम से मना रहे हैं। देवनानी लगातार चार बार से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत रहे हैं। देवनानी ने 2003 से 2018 तक हर परिस्थितियों में चुनाव जीता है। लेकिन इस बार देवनानी के सामने चुनौतियां भी कम नहीं है। ऐसी चुनौतियों को देखते हुए ही देवनानी ने इस जन्मदिन के अवसर पर सिंधी समाज की धार्मिक परंपरा के अनुरूप बहिराणा साहिब का आयोजन भी 9 जनवरी को फॉयसागर रोड स्थित हंस पैराडाइज समारोह स्थल पर किया है। इस समारोह में सिंधी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। अजमेर उत्तर क्षेत्र को सिंधी बाहुल्य माना जाता है। इसीलिए देवनानी की दावेदारी मजबूत मानी जाती है। 10 माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भी पांचवीं बार देवनानी ने अपनी दावेदारी जता दी है। भाजपा की राजनीति में देवनानी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संरक्षण भी माना जाता है, इसलिए देवनानी के समर्थकों को लगता है कि पांचवीं बार भी भाजपा का टिकट तो मिल ही जाएगा। इसमें कोई दो राय नहीं कि देवनानी फुल टाइम पॉलिटिशियन हैं, इसलिए पॉलिटिक्स करने का कोई मुद्दा नहीं छोड़ते हैं। अपने क्षेत्र से लेकर प्रदेश स्तर तक देवनानी सक्रिय रहते है। लेकिन इस बार देवनानी को भाजपा में ही चुनौती मिल रही है। कोई एक दर्जन भाजपा नेता देवनानी के सामने दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे आंकड़े भी दिए जा रहे हैं कि जिसमें उत्तर क्षेत्र सिंधी मतदाताओं की संख्या को कम बताया जा रहा है। यह बात अलग है कि कांग्रेस ने गत तीन बार से गैर सिंधी को उम्मीदवार बनाया और तीनों ही बार हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस की लगातार हार से भी देवनानी के हौसले बुलंद रहते हैं। पार्टी के अंदर प्रतिद्वंदी चाहे जितनी भाग दौड़ कर लें, लेकिन देवनानी अपने टिकट के प्रति आश्वस्त हैं। पांचवीं बार के टिकट में देवनानी अपनी उम्र को भी बाधा नहीं मानते हैं, क्योंकि गुलाबचंद कटारिया, कैलाश मेघवाल जैसे 80 के पार नेताओं के टिकट भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी नहीं काट सकता है। वैसे भी देवनानी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया की टीम के प्रमुख सदस्य हैं। पूनिया के साथ देवनानी भी प्रदेश स्तर पर सक्रिय हैं। 73वें जन्मदिन पर 11 जनवरी को फॉयसागर रोड स्थित आवास पर देवनानी ने दोपहर को तीन बजे सुंदर कांड का पाठ रखा है तथा फिर अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया है। समर्थकों ने संपूर्ण उत्तर विधानसभा क्षेत्र में देवनानी के जन्मदिन के बैनर, फ्लैक्स लगाए हैं। मोबाइल नंबर 9414155744 पर देवनानी को जन्मदिन की बधाई दी जा सकती है।
 
केकड़ी में मित्तल का भी शक्ति प्रदर्शन:
अजमेर जिले के केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में भी पूर्व पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल भी 11 जनवरी को अपने जन्मदिन पर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। केकड़ी से भाजपा उम्मीदवार बनने के लिए अनिल मित्तल पिछले दो वर्ष से पूरे विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। एक वर्ष पहले मित्तल तब सुर्खियों में आए, जब उन्होंने अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपए की सहायता राशि दी। हालांकि कांग्रेस शासन में अनिल मित्तल को प्रताडि़त भी बहुत किया गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। मित्तल अभी भी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस और कांग्रेस के ताकतवर विधायक रघु शर्मा के सामने मोर्चा खोले बैठे हैं। मित्तल को अब सहानुभूति का लाभ भी मिल रहा है। 11 जनवरी को जन्मदिन के अवसर पर मित्तल परिवार की ओर से केकड़ी क्षेत्र में अस्पतालों में फल और गौशाला में हरा चारा वितरण किया जाएगा। मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद मित्तल शहर भर में जनआशीर्वाद यात्रा भी निकालेंगे तथा दोपहर दो बजे केकड़ी में राजपुरा रोड स्थित आदिनाथ वाटिका में सामूहिक भोज भी होगा। मोबाइल नंबर 9928021482 पर अनिल मित्तल को जन्मदिन की बधाई दी जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (10-01-2023)
Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment