Saturday 8 June 2024

विधायकों के सवालों के जवाब सही समय पर ही आ जाने से ही समस्या का समाधान हो जाता है।पिछली विधानसभा के 6 हजार सवालों के जवाब नहीं आने पर अध्यक्ष देवनानी ने अफसरों को फटकार लगाई।महाराणा प्रताप की जयंती पर अनेक कार्यक्रम


विधायकों के सवालों के जवाब समय पर नहीं आने को लेकर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 7 जून को एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत और विभिन्न विभागों के प्रमुख शासन सचिवों ने भाग लिया। बैठक में देवनानी ने इस बात पर नाराजगी जताई कि पिछले विधानसभा के विधायकों के पांच हजार सवालों के जवाब अभी तक भी नहीं आए हैं। देवनानी ने मुख्य सचिव पंत से कहा कि 30 सितंबर तक सभी सवालों के जवाब आ जाने चाहिए। देवनानी का कहना रहा कि विधायकों के सवाल जनहित से जुड़े होते हैं। जब कोई विधायक सदन में सवाल लगाता है तो संबंधित विभाग में हलचल हो जाती है। विधायकों के सवाल लगाने से ही अनेक समस्याओं का समाधान हो जाता है। देवनानी ने कहा कि अधिकारियों को विधायी कार्यों को गंभीरता से लेना चाहिए। विधायी कार्यों की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का महत्व है। जनप्रतिनि जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। देवनान ने कहा कि 16वीं विधानसभा के आगामी सत्र से पहले पूर्व सत्र में पूछे गए सभी सवालों के जवाब आवश्यक रूप से आ जाने चाहिए। देवनानी ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विधायकों के सवालों को लेकर जो सख्त रुख अपनाया, उसकी विधानसभा सचिवालय में भी चर्चा हो रही है। विधानसभा के अधिकारियों ने भी देवनानी की कार्यशैली की प्रशंसा की है। इससे पहले भी सदन में अधिकारियों की गैर मौजूदगी को लेकर नाराजगी व्यक्त कर चुके हैं। असल में देवनानी का प्रयास है कि कार्यपालिका को विधायिका के प्रति जवाबदेह और गंभीर बनाया जाए।
 
जयंती पर कार्यक्रम:
महाराणा प्रताप की जयंती पर 8 जून को अजमेर स्थित पुष्कर घाटी पर बने महाराणा प्रताप स्मारक पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाएंगे। आयोजन समिति की अध्यक्ष धर्मेश जैन ने बताया कि महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई थी। इस प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को भी समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। यह आयोजन महाराणा प्रताप समारोह समिति, भारतीय इतिहास संकलन समिति, अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, राजस्थान क्षत्रिय महासभा, भारत विकास परिषद तथा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है। शाम 6 बजे होने वाले मुख्य समारोह में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत आदि मौजूद रहेंगे। 

S.P.MITTAL BLOGGER (08-06-2024)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment