Thursday 21 October 2021

उत्तर प्रदेश में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने के प्रियंका गांधी के फैसले का राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वागत किया।क्या यही फार्मूला कांग्रेस शासित राज्यों में लागू होगा?राहुल गांधी पर इरफान का सटीक कार्टून।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनाव पांच माह बाद होने हैं। यहां कांग्रेस की कमान गांधी परिवार की सदस्य श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के पास है। 19 अक्टूबर को प्रियंका गांधी ने घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए जाएंगे। यूपी में 403 विधानसभा क्षेत्र हैं। यानी कांग्रेस 160 क्षेत्रों में महिला उम्मीदवार बनाएगी। कांग्रेस भले ही 160 महिला उम्मीदवार बनाए, लेकिन मौजूदा समय में कांग्रेस के मात्र सात विधायक हैं, इनमें से महिला विधायकों की संख्या मात्र दो है। प्रियंका गांधी के 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने के फैसले का स्वागत राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी किया है। सब जानते हैं कि गहलोत को गांधी परिवार का सलाहकार माना जाता है। 16 अक्टूबर को ही दिल्ली में अशोक गहलोत और प्रियंका गांधी की मुलाकात हुई थी, हो सकता है कि तब इस मुद्दे पर भी विचार विमर्श हुआ हो। सवाल उठता है कि प्रियंका गांधी का यह फार्मूला क्या कांग्रेस शासित राज्यों पर भी लागू होगा? पंजाब में यूपी के साथ ही विधानसभा के चुनाव होने हैं, जबकि कांग्रेस शासित राजस्थान और छत्तीसगढ़ में दो वर्ष बाद चुनाव होंगे। प्रियंका गांधी ने तर्क दिया है कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है, इसलिए कांग्रेस ने यह बड़ा निर्णय लिया है। प्रियंका गांधी ने महिला उत्पीड़न के कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए अपने फार्मूले को पीड़ित महिलाओं को समर्पित किया। महिलाओं से जुड़े ऐसे अपराध तो राजस्थान में भी होते हैं। छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं आए दिन होती है। आंकड़े बताते हंै कि बलात्कार और महिला ज्यादती के प्रकरण में देश में राजस्थान पहले स्थान पर है। यदि महिला ज्यादती का तर्क है तो फिर यूपी के साथ साथ राजस्थान में भी कांग्रेस को 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने चाहिए। सब जानते हैं कि 2017 से पहले सपा और बसपा के शासन में यूपी में महिलाओं खास कर स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं का अकले घर से बाहर निकलना मुश्किल था। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले उन बदमाश लड़कों पर कार्यवाही की गई जो राह चलती लड़कियों को परेशान करते थे। अब महिला ज्यादतियों पर काफी अंकुश लगा है। प्रियंका गांधी भी जानती है कि यूपी में जो जातीय दबाव है उसे आसानी से खत्म नहीं किया जा सकता। फिर भी प्रियंका गांधी के 40 प्रतिशत वाले फार्मूले का स्वागत किया जाना चाहिए। जब हम महिलाओं को आधी आबादी मानते हैं तो महिलाओं का 40 प्रतिशत टिकटों पर दावा तो बनती ही है। निसंदेह इससे महिलाओं की स्थिति मजबूत होगी।
राहुल पर कार्टून:
यूपी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक स्लोगन भी दिया है। इस स्लोगन में कहा गया है कि लड़की   हूं,   लड़ सकती  हूं । इस स्लोगन पर ही एबीपी न्यूज के कार्टूनिस्ट इरफान ने 20 अक्टूबर को एक कार्टून बनाया। इस कार्टून में प्रियंका की इमेज पर लिखा लड़की हूं, लड़ सकती हूं । जबकि राहुल गांधी की इमेज पर लिखा लड़का हूं, ट्वीट कर सकता हूं। इस कार्टून पर जब न्‍यूज चैनल की एंकर ने प्रतिक्रिया चाही तो इरफान ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि प्रियंका गांधी आंदोलनरत रहती है, जबकि राहुल गांधी हर घटना पर सिर्फ ट्वीट करते हैं। इरफान का यह कार्टून मेरे फेसबुक पेज  www.facebook.com/SPMittalblog  पर देखा जा सकता है।
S.P.MITTAL BLOGGER (20-10-2021)
Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9799123137
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment