Friday 4 October 2024

अजमेर के आनासागर में डबल डेकर क्रूज का संचालन शुरू।अपाहिज साहित्यकार गोविंद सिंह चौहान को अब मदद की दरकार।अजमेर की राधा विहार कॉलोनी में नवरात्रि महोत्सव की शुरुआत।अजमेर के समाजसेवी प्रेम सुख सुराणा का जयपुर में सम्मान।

अंतर्राष्ट्रीय नगरी की पहचान वाले अजमेर के आनासागर में चार अक्टूबर को डबल डेकर ईवी क्रूज का संचालन शुरू हो गया है। क्रूज का संचालन करने वाली संस्था के जेपी दाधीच ने बताया कि तीन सौ रुपए का शुल्क देकर कोई भी व्यक्ति क्रूज में 45 मिनट का सफर कर सकता है। यदि किसी यात्री को चाय नाश्ता आदि करना है तो उसे क्रूज में लगी स्टॉलों से खाद्य सामग्री खरीदनी होगी। क्रूज के प्रथम और द्वितीय तल पर 75-75 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। छत पर खुले रेस्टोरेंट का आनंद लिया जा सकता है। क्रूज के सफर के लिए वेबसाइट ... पर ऑनलाइन बुकिंग भी करवाई जा सकती है। इसके साथ ही मोबाइल नंबर 9829092304 पर अधिक जानकारी ली जा सकती है। दाधीच ने बताया कि हमारा क्रूज देश का पहला इलेक्ट्रिक क्रूज है। राजस्थान में किसी भी शहर की झील में क्रूज का संचालन नहीं हो रहा है। अजमेर की आनासागर झील पहली है, जिसमें क्रूज की शुरुआत हुई है। क्रूज के शुरू होने से शहरवासी आनासागर में खुले रेस्टोरेंट का आनंद ले सकेंगे। साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटक भ क्रूज का सफर कर सकेंगे। दाधीच ने कहा कि अब अजमेर के आनासागर में मुंबई के समुद्र का अहसास किया जा सकेगा। विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, विधायक अनिता भदेल, मेयर ब्रज लता हाड़ा, डिप्टी मेयर नीरज जैन, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी आदि ने क्रूज के संचालन पर जेपी दाधीच को बधाई दी है। इन सभी का कहना रहा कि आनासागर में क्रूज के संचालन से अजमेर का पर्यटन और बढ़ेगा। जयपुर, उदयपुर, अलवर जोधपुर आने वाले देशी विदेशी पर्यटक अब क्रूज का सफर करने के लिए अजमेर भी आएंगे।
 
मदद की दरकार:
कई पुस्तकों के लेखक गोविंद सिंह चौहान को अब मदद की दरकार है। 1992 में एक सड़क दुर्घटना में अपाहिज हो जाने के बाद भी चौहान ने उल्टा लेटकर लेखन का कार्य जारी रखा, लेकिन अब चौहान की हिम्मत टूट चुकी है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी कोई मदद नहीं कर रहे। चौहान ने 3 अक्टूबर को मुझे फोन कर मदद की गुहार की। चौहान का कहना रहा कि यदि मैं ब्लॉग में लिख दूं तो बहुत से लोग मदद के लिए आगे आ जाएंगे। चौहान के भरोसे के अनुरूप ही अपने इस ब्लॉग में जानकारी दे रहा हंू। राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम डासरिया के भगावड़ गांव में चौहान अनेक मुसीबतों के साथ निवास कर रहे है। मोबाइल नंबर 9783207045 व 9588921258 पर चौहान से संवाद किया जा सकता है। चौहान ने क्षेत्रीय रावत राजपूत समाज के इतिहास को लेकर भी पुस्तकें लिखी है। चौहान को अपने समाज से भी मदद की उम्मीद है। चौहान साहित्य के अनेक मंचों पर सम्मानित हो चुके है, लेकिन अब उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। मालूम हो कि राजसमंद संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मेवाड़ घराने की महिमा कुमारी कर रही है। राजसमंद से दीप्ति माहेश्वरी भाजपा की विधायक है। देखना होगा कि समाज सेवा का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों की नजर गोविंद सिंह जैसे अपाहिज साहित्यकार पर कब पड़ती है। यहां उल्लेखनीय है कि चौहान का कमर के नीचे का पूरा भाग लकवाग्रस्त है। अब हाथ भी कांपने लगे हैं।
 
नवरात्र महोत्सव:
अजमेर के पुष्कर रोड स्थित राधा विहार कॉलोनी में भी 3 अक्टूबर से नवरात्र महोत्सव की शुरुआत हुई। महोत्सव की शुरुआत मां दुर्गा की आरती से की गई। इस अवसर पर मुझे भी माता की आरती करने का अवसर मिला। राधा विहार विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती रामकंवर विजयवर्गीय ने बताया कि अगले 8 दिनों तक खुले मैदान में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। इनमें गरबा नृत्य भी शामिल हैं। कॉलोनी के धार्मिक कार्यक्रमों की और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9460091345 पर श्रीमती विजयवर्गीय से ली जा सकती है।
 
सुराणा का सम्मान:
अजमेर के सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रेमसुख सुराणा का अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जयपुर में सम्मान किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुलदीप राका ने डॉ. सुराणा को प्रशस्ति पत्र, मोमेंट और श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. सुराणा की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। इस सम्मान के लिए मोबाइल नंबर 9829270723 पर डॉ. सुराणा को बधाई दी जा सकती है। 


S.P.MITTAL BLOGGER (04-10-2024)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment