Saturday, 28 June 2025

यह तो अशोक गहलोत का केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने आत्मसमर्पण है। संजीवनी घोटाले में नाम घसीटे जाने का मामला। गहलोत को जेल जाने का डर।

राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस के नेता अशोक गहलोत ने 27 जून को जोधपुर प्रवास के दौरान कहा कि संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के मामले में केंद्रीय मंत्री और जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत के उन पर मानहानि का जो मुकदमा कर रखा है, उसे शेखावत वापस ले लें। गहलोत चाहते हैं कि संजीवनी मामले को आपसी बातचीत के जरिए हल किया जाए। गहलोत का यह बयान केंद्रीय मंत्री शेखावत के सामने आत्मसमर्पण करना है। यह वे ही अशोक गहलोत है, जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए शेखावत को गिरफ्तार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। खुद गहलोत ने आरोप लगाया कि संजीवनी घोटाले में शेखावत के साथ साथ उनकी पत्नी, माताजी और पिताजी तक शामिल हैं। यहां तक कहा गया कि घोटाले की राशि से दक्षिण अफ्रीका में करोड़ों रुपए का निवेश शेखावत ने किया है। तब शेखावत ने बार बार कहा कि निवेशकों ने पुलिस में जो रिपोर्ट लिखवाई है उसमें उनका व उनके परिवार के किसी भी सदस्य का नाम नहीं है। लेकिन गहलोत अपने आरोपों पर टिक रहे। गहलोत के आरोपों के मद्देनजर ही तब शेखावत ने दिल्ली में गहलोत के खिलाफ मानहानि का मामला अदालत में दायर किया। अदालत में यह साबित हो गया कि संजीवनी घोटाले की प्राथमिकी में शेखावत और उनके परिवार के सदस्यों का नाम नहीं है। मानहानि के मुकदमे में गहलोत वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कई बार उपस्थिति भी दर्ज करवा चुके हैं। हो सकता है कि इस मामले में गहलोत की गिरफ्तारी भी हो। जेल जाने के डर की वजह से ही गहलोत चाहते हैं कि शेखावत दिल्ली वाले मुकदमे को विड्रो (वापस) कर ले। सवाल उठता है कि जब गहलोत के पास सबूत नहीं थे, तो फिर संजीवनी घोटाले में शेखावत के नाम को क्यों घसीटा? और अब जेल जाने से क्यों डर रहे हैं। अशोक गहलोत का तो खुद मानना है कि हर गलती कीमत मांगती है। गहलोत ने यदि गलती की है तो उन्हें सजा भुगतने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। गहलोत को शेखावत के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाए अदालत में मुकदमे का सामना करना चाहिए। S.P.MITTAL BLOGGER (28-06-2025) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment