Tuesday 10 February 2015

अजमेर को स्मार्ट बनाने में रोक रहे हैं देवनानी के समर्थक

अजमेर को स्मार्ट बनाने में रोक रहे हैं देवनानी के समर्थक
एक ओर अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास हो रहे है तो दूसरी ओर अजमेर उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक व प्रदेश के स्कूली शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के समर्थक अजमेर को स्मार्ट बनने से रोक रहे हैं। अजमेर के लोगों को याद होगा कि एक माह पहले देवनानी ने अपना जन्मदिन मनाया था तब देवनानी के समर्थकों ने जगह-जगह बैनर, होर्डिंग लगाए। हालांकि देवनानी ने अपना जन्मदिन सादगी से मनाने की घोषणा की थी लेकिन देवनानी के रूतबे को ध्यान में रखते हुए समर्थक नहीं माने। एक माह पहले जो बैनर, होर्डिंग लगाए गए थे वे आज भी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे हुए है। गंभीर बात तो यह है कि नगर निगम ने जो बोर्ड मार्ग निर्देशन के लिए लगाए उन्हीं पर देवनानी के जन्मदिन के फ्लेक्स अभी तक भी लगे हुए है। जो लोग बाहर से आते है उन्हें मार्गो के बारे में जानकारी नहीं हो पाती क्योंकि देवनानी के फ्लेक्स लगे हुए है। कई बोर्डो पर तो कम्पनियों के विज्ञापन भी ढक गए है चूंकि देवनानी अजमेर जिले के प्रभारी मंत्री भी है इसलिए जिला प्रशासन और नगर निगम में किसी भी अधिकारी में इतनी हिम्मत नहीं कि एक माह बाद भी देवनानी के बैनरों को हटाए। वहीं बैनर लगाने वाले कार्यकर्ता गर्व से फूले नहीं समा रहे हैं। देवनानी के साथ-साथ बैनर पर ऐसे कार्यकर्ताओं का फोटो और नाम भी लिखा हुआ है। ऐसा नहीं कि देवनानी अपने बैनरों से अनभिज्ञ हो। कलेक्ट्रेट चौराहे पर लगे बैनर तो देवनानी आते-जाते कई बार देखते होंगे जो बैनर बीच बाजार और शहर के प्रवेश मार्गो पर लगे हुए है। उनकी जानकारी यदि देवनानी को नहीं है तो फिर यह सवाल उठता है कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का ध्यान किस प्रकार रखते हैं। यहां यह उल्लेखनीय है कि तीन माह पूर्व जब देवनानी और दक्षिण क्षेत्र की विधायक अनिता भदेल को राज्यमंत्री बनाया गया था तब भी समर्थकों ने बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए थे लेकिन तब शहर का सौन्दर्य बिगड़ रहा था इसलिए दोनों मंत्रियों ने नगर निगम प्रशासन को निर्देश देकर बधाई के होर्डिंग उतारने के कोई निर्देश नहीं दे रहे है। यही वजह है कि जन्मदिन के एक माह बाद भी होर्डिंग, बैनर महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे हुए हैं।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)

No comments:

Post a Comment