Wednesday 20 January 2021

राजस्थान में चौथे विधायक का निधन। इनमें से तीन कांग्रेस के।उदयपुर वल्लभ नगर के कांग्रेस विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत को श्रद्धांजलि देते समय भावुक हो गए सचिन पायलट।पिछले एक माह से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती थे शक्तावत।

चुनाव आयोग राजस्थान के तीन विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव की तैयारियाँ ही कर रहा था कि 20 जनवरी को कांग्रेस के एक ओर विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत का निधन हो गया। मौजूदा विधानसभा अब तक चार सदस्यों का निधन हो चुका है। इनमें से तीन कांग्रेस के सदस्य हैं। माना जा रहा है कि इन चारों विधायकों की मृत्यु का कारण कोरोना वायरस रहा है। सबसे पहले कांग्रेस के विधायक कैलाश त्रिवेदी का निधन कोरोना संक्रमण की वजह से हुआ। इसके बाद मंत्री भंवरलाल मेघवाल का निधन बीमारी की वजह से हुआ। हाल ही में भाजपा की विधायक श्रीमती किरण माहेश्वरी (राजसमंद) का निधन भी कोरोना संक्रमण की वजह से हुआ। श्रीमती माहेश्वरी तो नवम्बर में कोटा नगर निगम के चुनाव में भाजपा का प्रचार करने गई थी, तभी वो संक्रमित हो गई। लाख कोशिश के बाद भी माहेश्वरी को बचाया नहीं जा सका। चुनाव आयोग प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव की तैयारियाँ कर रहा था। आयोग की तैयारियों को देखते हुए ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने अपने चुनाव पर्यवेक्षक भी नियुक्त कर दिए। लेकिन इस बीच 20 जनवरी को एक और विधायक का निधन हो गया। यानि अब विधानसभा में चार सदस्यों के स्थान खाली हो गए हैं। उदयपुर के वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत का निधन 20 जनवरी को दिल्ली में हुआ। शक्तावत की पार्थिवदेह शाम तक उदयपुर पहुंचेगी। इसलिए अंतिम संस्कार 21 जनवरी को होगा। शक्तावत प्रदेश के पूर्व मंत्री गुलाब सिंह शक्तावत के पुत्र थे। स्वर्गीय शक्तावत की पुत्री का विवाह कोरोना काल के दौरान टल गया था, लेकिन अब शक्तावत पुत्री का विवाह किए बगैर ही चले गए। परिवार के लिए यह बेहद दु:ख समय है। 20 जनवरी को शक्तावत को श्रद्धांजलि देेते समय पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भावुक हो गए। पायलट ने माना कि शक्तावत का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। यहां यह उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जुलाई-अगस्त में पायलट के साथ दिल्ली जाने वाले 18 विधायकों में शक्तावत भी शामिल थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शक्तावत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। 20 जनवरी को होने वाली कैबिनेट की बैठक को भी सीएम गहलोत ने रद्द कर दिया। गहलोत ने कहा कि मैं शक्तावत के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुआ था। लगातार डॉक्टरों से जानकारी भी ले रहा था। 
S.P.MITTAL BLOGGER (20-01-2021)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9509707595
To Contact- 9829071511
  

No comments:

Post a Comment