Saturday 15 September 2018

सरवाड़ पालिका अध्यक्ष का विवाद भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के लिए गले की फांस बना।

सरवाड़ पालिका अध्यक्ष का विवाद भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के लिए गले की फांस बना। अब 11 पार्षद दे सकते हैं इस्तीफा।
=====

अजमेर जिले की सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष का विवाद भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के लिए गले की फांस बन गया है। यह तब हो रहा है जब लोकसभा के उपचुनाव में सरवाड़ से भी भाजपा को बुरी हार का सामना करना पड़ा था। पालिका  में भाजपा के 12 पार्षद हैं लेकिन इनमें से 11 पार्षद अध्यक्ष विजय लड्ढा के खिलाफ हैं। उपाध्यक्ष अजय पारीक के नेतृत्व में बगावत करने से पहले 11 पार्षदों ने पालिका अध्यक्ष लड्ढा को बुलाकर कहा कि वे चाहें जिसे उत्तराधिकारी घोषित कर दें, लेकिन अब अध्यक्ष के तौर पर उन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा। लेकिन 11 पार्षदों के इस आग्रह हो लड्ढा ने स्वीकार नहीं किया। लड्ढा का कहना रहा कि उन्हें अध्यक्ष पार्षदों ने नहीं बल्कि भाजपा संगठन ने बनाया है। लड्ढा के इस रवैये के विरोध में 7 सितम्बर से सभी 11 पार्षद धरने पर बैठ गए। प्रदेश नेतृत्व को जब पार्षदों के धरने पर बैठने की जानकारी मिली तो प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने जिला अध्यक्ष बीपी सारस्वत को निर्देश दिए। सैनी के निर्देश के बाद सारस्वत ने लड्ढा को पालिका अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के लिए कहा और साथ ही पार्षदों को निर्देश दिए कि वे अपना धरना तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दें। सारस्वत के इस कदम से 13 सितम्बर को पार्षदों ने धरना समाप्त कर दिया। लेकिन 14 सितम्बर को लड्ढा ने इस्तीफा देने के बजाए भाजपा संगठन को एकत्रित किया और कोई चालीस भाजपा कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष बालूराम माली के नेतृत्व में जयपुर भेज दिया। जानकार सूत्रों के अनुसार माली के नेतृत्व में मिले भाजपा पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष सैनी से साफ-साफ कहा कि यदि विजय लड्ढा को अध्यक्ष पद से हटाया जाता है तो भाजपा के सभी मंडल पदाधिकारी इस्तीफा दे देंगे। इस धमकी के बाद प्रदेश नेतृत्व के सामने सरवाड़ पालिका अध्यक्ष का मामला और उलझ गया। अब बगावत करने वाले 11 पार्षदों ने प्रदेश नेतृत्व के समक्ष इस्तीफे की पेशकर कर दी है। जानकार सूत्रों के अनुसार पूरे मामले को निपटाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर की मदद मांगी है। कहा जा रहा है कि क्षेत्रीय भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम, पालिका अध्यक्ष विजय लड्ढा, बगावत करने वाले सभी 11 पार्षदों और मंडल अध्यक्ष को 19 सितम्बर को जयपुर बुलाया है। उपाध्यक्ष अजय पारीक ने उम्मीद जताई है कि 19 सितम्बर को लड्ढा अपना इस्तीफा दे देंगे। प्रदेश नेतृत्व के निर्णय के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
एस.पी.मित्तल) (15-09-18)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
अपने वाट्सएप ग्रुप को 7976585247 नम्बर से जोड़े

No comments:

Post a Comment