Tuesday 1 August 2023

भाजपा के सचिवालय घेराव में भी लाल डायरी की गूंज। प्रदेश भर के भाजपाई जयपुर में।कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं। राहुल की मानगढ़ धाम की रैली की तैयारियां जोरों पर।केकड़ी में विधायक रघु शर्मा के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगे।

नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत एक अगस्त को जयपुर में सचिवालय के घेराव में राजस्थान भर के भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए। प्रदेश मुख्यालय पर हुई सभा के मंच पर प्रतिकात्मक लाल डायरी रखी गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह डायरी कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार का पुलिंदा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि 17 प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र आउट होने से प्रदेश के एक करोड़ से भी ज्यादा  युवा प्रभावित हुए हैं। राजस्थान लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग के पेपर लीक होने में भ्रष्टाचार का जो खुलासा हुआ है, उसमें युवाओं का विश्वास इन दोनों संस्थाओं से उठ चुका है। प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार खराब हो रही है। आए दिन महिलाओं के साथ बलात्कार और गैंगरेप हो रहे हैं। यही वजह है कि महिला अत्याचारों में राजस्थान देश में पहले नंबर पर है। सचिवालय घेराव में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिसकी वजह से राजधानी का यातायात दिन भर बाधित रहा। पुलिस ने एक दिन पहले ही बैरिकेट लगाकर यातायात को डायवर्ट किया। सचिवालय घेराव के भाजपा के प्रदेश के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन भी माना गया। सीपी जोशी के अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा का यह पहला बड़ा आंदोलन था। सीपी जोशी का कहना रहा कि अब प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के अत्याचारों को और नहीं सहेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मतदान तक सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
 
कोई मुद्दा नहीं:
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की 9 अगस्त को मानगढ़ धाम रैली के मद्देनजर एक अगस्त को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उदयपुर में कार्यकर्ताओं की एक बैठक की। इस बैठक में राहुल की रैली में भीड़ जुटाने पर योजना बनी। अनेक जिला अध्यक्षों ने बताया कि वे कितनी बसें लेकर आएंगे। इसी बैठक में रंधावा, डोटासरा और मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जो कल्याणकारी योजनाएं लागू की है, उसका लाभ आम लोगों को मिल रहा है, इसलिए आम मतदाता कांग्रेस सरकार से खुश है। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस की सरकार रिपीट होगी। एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं।
 
मुर्दाबाद के नारे:
31 जुलाई को अजमेर के केकड़ी के पारा गांव में बजरी रॉयल्टी कर्मियों और ट्रैक्टर चालकों के बीच विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ा की राहुल मीणा नामक एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर चालकों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण में जबरन वसूली की जा रही है। आमतौर पर जुलाई और अगस्त माह में रॉयल्टी नहीं ली जाती, लेकिन फिर भी एक ट्रॉली पर 22 सौ रुपए वसूले जा रहे हैं। राहुल मीणा के जख्मी होने के बाद आसपास के ग्रामीणों ने अजमेर-कोटा स्टेट हाइवे जाम कर दिया।  लोगों ने कांग्रेस के विधायक रघु शर्मा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। आरोप रहा कि रघु शर्मा के संरक्षण में हो रही है। ग्रामीणों के धरने पर पूर्व विधायक शत्रुघ्न गौतम, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनिल मित्तल भाजपा नेता मिथिलेश गौतम, राजेंद्र विनायका, भूपेंद्र सिंह शक्तावत, गोविंद जैन, रॉबिन सिंह आदि भी उपस्थित रहे। बाद में एसडीएम को एक ज्ञापन भी दिया गया। 


S.P.MITTAL BLOGGER (01-08-2023)

Website- www.spmittal.in
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment