Sunday 27 March 2022

अजमेर में इस बार नव संवत्सर पर अनेक कार्यक्रम होंगे। शहरवासियों की भागीदारी भी।50 से भी ज्यादा चौराहों को सजाया जाएगा। एक अप्रैल को रीजनल कॉलेज वाली चौपाटी पर भव्य विक्रम मेला भी लगेगा।

नव संवत्सर के अवसर पर इस बार अजमेर में 1 व 2 अप्रैल को भारतीय संस्कृति के अनुरूप अनेक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में शहरवासी भी भूमिका निभाएंगे। सभी कार्यक्रम नव संवत्सर समारोह समिति और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में होंगे। समिति के संरक्षण सुनील दत्त जैन और अध्यक्ष निरंजन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रमों को सफल बनाने में 30 से भी ज्यादा धार्मिक सामाजिक, राजनीतिक सांस्कृतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका होगी। भारत की सनातन संस्कृति के अनुरूप 2 अप्रैल को नव वर्ष का पहला दिन है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रीजनल कॉलेज स्थित चौपाटी पर भव्य विक्रम मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला सायं 6 बजे से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख बैंड कंपनियों के बीच धुनों की प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में बैंड वादन से जुड़ी सात संस्थाएं भाग लेंगी। चौपाटी पर रंगोली, मांडना आदि की प्रतियोगिताएं भी रखी गई है। इसमें महिलाएं भी भाग ले सकेंगी। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। सुप्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट अजय रावत द्वारा पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा भी बनाई जाएगी। स्मार्ट सिटी के इंजीनियर विभिन्न कार्यों के मॉडल प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि नव संवत्सर के मौके पर भारत की सनातन संस्कृति की जानकारी देने के लिए इन दिनों विभिन्न स्तरों पर संगोष्ठियां भी आयोजित की जा रही है। ऐसी संगोष्ठियां चार अप्रैल तक चलेंगी। विक्रम मेले में बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए जाएंगे और बच्चों को मिठाई भी वितरित की जाएगी। 2 अप्रैल को वर्ष के पहले दिन शहर के 50 से भी ज्यादा चौराहों को सजाया जाएगा। इन चौराहों से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का तिलक लगाकर सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही सम्मानित व्यक्ति का मुंह मीठा भी करवाया जाएगा। 2 अप्रैल को ही संस्कार भारती संस्था के कार्यकर्ता पुष्कर रोड स्थित मित्तल अस्पताल के सामने बर्ड पार्क में सूर्य की पहली किरण का संगीत के साथ स्वागत करेंगे। जैन और शर्मा ने सभी शहरवासियों से नववर्ष के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है। नववर्ष के कार्यक्रमों के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9828171560 पर समिति के अध्यक्ष निरंजन शर्मा और 9511594284 पर सह मंत्री भूपेंद्र उबाना से ली जा सकती है। 

S.P.MITTAL BLOGGER (26-03-2022)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9799123137
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment