Saturday 2 April 2022

सीएम अशोक गहलोत और यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल की उम्मीदों पर खरे उतरे आवासन मंडल के आयुक्त पवन अरोड़ा।मात्र ढाई वर्ष में 6 हजार करोड़ का कारोबार, जबकि पूर्व में मात्र 118 करोड़ रुपए का था।

यह सही है कि सरकार नीतियां बनाती है, लेकिन इन नीतियों की क्रियान्विति संबंधित विभागों के अधिकारी रहते हैं। मुख्यमंत्री और मंत्रियों को अक्सर यह शिकायत होती है कि सरकार की नीतियों की क्रियान्विति नहीं हो रही है, लेकिन राजस्थान आवासन मंडल के आयुक्त पवन अरोड़ा उन चुनिंदा आईएएस में से हैं जो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। एक अप्रैल को जयपुर में मंत्री धारीवाल ने आवासन मंडल का वित्तीय वर्ष 2021-22 का लेखा जोखा जारी किया। इसमें मंडल का मौजूदा कारोबार (टर्नओवर) 6 हजार करोड़ रुपए के पार बताया गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस 6 हजार करोड़ में से 4 हजार 536 करोड़ रुपए की प्राप्ति भी हो गई है। शेष राशि मंडल को किश्तों में प्राप्त होती रहेगी। इसमें आवासीय संपत्तियों के विक्रय से प्राप्त 620 करोड़ और प्रीमियम सम्पत्तियों के ईऑक्शन से प्राप्त होने वाले 920 करोड़ रुपए भी शामिल है। इस अवसर पर आयुक्त पवन अरोड़ा ने कहा कि आवासन मंडल की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का श्रेय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल को जाता है। इन दोनों ने मंडल के कामकाज में आने वाली सभी बाधाओं को हटाने में पूरा सहयोग दिया। इससे निर्णय तेजी से लिए गए। कोरोना काल में जब सभी जगह मंदी का दौर चल रहा था, तब आवासन मंडल के मकानों और कमर्शियल सम्पत्तियों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ बेचा गया। इंजीनियरों और अन्य कार्मिकों की कमी के बावजूद मौजूदा स्टाफ ने टीम भावना से काम किया, इसलिए सरकार की नीतियों की सफल क्रियान्विति हो सकी। अब जब बाजार के हालात सुधर रहे हैं, तब नए वित्तीय वर्ष में मंडल के कारोबार में और वृद्धि होने की संभावना है। अरोड़ा ने बताया कि मंडल में लगभग 1700 करोड़ रुपये के नए निर्माण कार्य प्रारंभ किए गए हैं। मंडल द्वारा लगभग 319 करोड़ की लागत से जयपुर के प्रताप नगर में देश का पहला कोचिंग हब, बनाया जा रहा है। जयपुर के मानसरोवर में 70 करोड़ की लागत से सिटी पार्क और इसके सामने 14 करोड़ रुपये की लागत से फाउंटेन स्क्वायर बनाया जा रहा है। लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर चौपाटी और मानसरोवर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 266.176 करोड़ रुपये की लागत से विधायक आवास परियोजना का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इसके साथ ही 80 करोड़ रुपये की लागत से कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के लिए जयपुर के प्रताप नगर में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से एआईएस रेजीडेंसी का निर्माण का करवाया जा रहा है। लगभग 125 करोड़ रूपये की लागत से मुख्यमंत्री षिक्षक एवं प्रहरी आवास योजना का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। गरीबों को आवास उपलब्ध करवाने के लिए 4 मुख्यमंत्री जन आवास योजनाओं में 207 करोड़ रुपये की लागत से आवास बनवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 18 छोटे शहरों में आवासीय योजनाएं सृजित की जा रही हैं, जिनमें लगभग 338 करोड़ रूपये के निर्माण कार्य चल रहे हैं। अवासन मंडल के वित्तीय वर्ष के आंकड़े जारी करते हुए मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि वर्ष 2018-19 में मंडल का कारोबार मात्र 118 करोड़ रुपए था। लेकिन हमारे प्रयासों से साल दर साल न केवल इसका कारोबार बढ़ा बल्कि राजस्व में भी रिकॉर्ड वृद्धि हुई। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 841 करोड़, 2020-21 में 2 हजार 163 करोड़ तथा 2021-22 में 3 हजार 112 करोड़ करोड़ रुपए का टर्नओवर हुआ। यह सब उपलब्धियां पवन अरोड़ा के आयुक्त पद पर रहते हुए प्राप्त की गई है। इसके लिए मैं आयुक्त अरोड़ा को बधाई देता हंू। इस अवसर पर सचिव संचिता बिश्नोई, वित्तीय सलाहकार संजय शर्मा, मुख्य अभियन्ता के.सी. मीणा, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता संजय पुनियां और अतिरिक्त मुख्य नगर नियोजक श्री अनिल माथुर उपस्थित थे

S.P.MITTAL BLOGGER (02-04-2022)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9799123137
To Contact- 9829071511


No comments:

Post a Comment