Friday 22 April 2022

सचिन पायलट दिल्ली में सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी से तो मुलाकात करते हैं, लेकिन जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात नहीं कर पाते।सीएम गहलोत की सहमति होने पर ही पायलट राजस्थान में कांग्रेस की राजनीति में भाग ले सकते हैं।आखिर राजस्थान के कोविड सहायक दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचे।

पूर्व डिप्टी सीएम और सात वर्ष तक राजस्थान में कांग्रेस की कमान संभालने वाले सचिन पायलट यदि यह समझते हों कि दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके दोनों बच्चे राहुल और प्रियंका से मुलाकात कर लेने से वे राजस्थान में कांग्रेस की राजनीति करने लगेंगे तो यह उनकी गलतफहमी है। पायलट माने या नहीं, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सहमति के बगैर पायलट को कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय होने का अवसर नहीं मिलेगा। 22 अप्रैल को अखबारों में छपा है कि पायलट ने पिछले 12 दिनों में दूसरी बार दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की है। राहुल और प्रियंका से भी मुलाकात होने की खबरें छपती रही हैं। कहा जा रहा है कि पायलट ने सोनिया गांधी को राजस्थान में कांग्रेस सरकार के रिपीट होने का फार्मूला भी दिया है। इसमें कोई दो राय नहीं कि पायलट की लोकप्रियता आज भी प्रदेशभर में बनी हुई है। यह लोकप्रियता तब है, जब पिछले साढ़े तीन वर्ष में सीएम गहलोत ने पायलट को कुचलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। गहलोत आज भी पायलट पर उनकी सरकार गिराने की साजिश का आरोप लगाते हैं। पायलट और उनके समर्थकों को अब यह भी समझना होगा कि कांग्रेस में असली हाईकमान अशोक गहलोत ही हैं। सोनिया गांधी तो खुद अशोक गहलोत से राय लेकर कांग्रेस को चला रही हैं। प्रशांत किशोर जैसे धंधेबाज लोग कांग्रेस को मजबूत करने की कितनी भी राय दे दें, लेकिन इन सभी रायों पर गहलोत की राय भारी है। सचिन पायलट यदि राजस्थान कांग्रेस में सक्रिय होने की इच्छा रखते हैं तो दिल्ली के बजाए जयपुर में अशोक गहलोत से ही बात करनी होगी और यदि अशोक गहलोत से बात नहीं करना चाहते हैं तो पायलट को 2023 के विधानसभा चुनाव के परिणाम का इंतजार करना होगा, क्योंकि चुनाव से पहले तक गहलोत को कोई नहीं हटा सकता। अशोक गहलोत अपना रिकॉर्ड खुद तोड़ते हैं। 2008 में 57 विधायक बने तो 2013 में कांग्रेस विधायकों की संख्या 21 थी। इस रिकॉर्ड को अब 2023 में गहलोत ही तोड़ेंगे। लेकिन यदि पायलट को विधानसभा चुनाव से पहले राजस्थान की राजनीति में सक्रिय होना है तो फिर उन्हें नया रास्ता चुनना पड़ेगा। मौजूदा राजनीतिक माहौल में पायलट के पास कई विकल्प हैं। लेकिन नए विकल्पों पर विचार करते हुए पायलट को यह ध्यान रखना होगा कि गहलोत की खुफिया एजेंसियों की नजर उन पर लगी है। गहलोत को सब पता है कि पायलट की लोगों से मिल रहे हैं। सचिन पायलट की हर गतिविधि पर गहलोत सरकार की नजर है।
 
कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे कोविड सहायक:
पिछले 22 दिनों से कोविड स्वास्थ्य सहायक अपनी बर्खास्तगी के विरोध में जयपुर के शहीद स्मारक पर बेमियादी धरना दे रहे हैं। 22 अप्रैल को अनेक कोविड सहायक दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंच गए। कोविड सहायकों का कहना रहा कि यदि कांग्रेस मुख्यालय पर किसी बड़े नेता से मुलाकात नहीं हुई तो वे कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दस जनपथ स्थित निवास स्थान पर धरना देंगे। प्रतिनिधियों ने कहा कि अपनी बहाली को लेकर वे पिछले 22 दिनों से जयपुर में धरना दे रहे हैं। लेकिन अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर कोई असर नहीं हुआ है। इसलिए मजबूरी में उन्हें दिल्ली आना पड़ा है। प्रदेश में कोरोना काल में राज्य सरकार ने 28 हजार कोविड सहायकों की भर्ती की थी। हालांकि यह भर्ती अनुबंध पर आधारित थी, लेकिन अब उन्हें अचानक हटा दिया गया है। कोविड सहायकों को पिछले चार माह का वेतन भी नहीं मिला है। जयपुर के धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। कई महिलाएं तो गर्भवती हैं, लेकिन 45 डिग्री के तापमान में भी कोविड सहायक 22 दिनों से धरना दे रहे हैं। प्रतिनिधियों ने कहा कि 23 अप्रैल तक एक हजार कोविड सहायक दिल्ली में एकत्रित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को संवेदनशील माना जाता है। लेकिन 28 हजार कोविड सहायक पिछले 22 दिनों से धरना दे रहे हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। 

S.P.MITTAL BLOGGER (22-04-2022)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9929383123
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment