Tuesday, 25 August 2026
समाज की जाजम पर भाजपा-कांग्रेस जाट नेता और अधिकारी एक साथ।
अजमेर में जाट समुदाय के तीन आईएएस, 140 आरएएस, 30 खिलाडिय़ों सहित 200 प्रतिभाओं का सम्मान।
==============
23 अगस्त को अजमेर के जवाहर रंगमंच पर आदर्श जाट महासभा की ओर से प्रदेशस्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह हुआ। इस समारोह में 3 आईएएस, 140 आरएएस, 30 खिलाडिय़ों, 10 समाजसेवियों सहित 200 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह की खासीयत यह रही कि भाजपा और कांग्रेस के नेता एक साथ मंच पर नजर आए। अतिथि के तौर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, किशनगढ़ के विधायक विकास चौधरी, अजमेर डेयरी के रामचंदर चौधरी आदि भी उपस्थित रहे। यानी समाज की जाजम पर कांग्रेस और भाजपा के नेता एक साथ नजर आए। सभी नेताओं ने अपने समाज की मेहनत पर गर्व करते हुए कहा कि ऐसे समारोह से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने अपने बेटे और पुत्रवधू के आरएएस में सिलेक्शन के विवाद पर भी स्पष्ट जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे और पुत्रवधू का चयन किसी सिफारिश से नहीं बल्कि योग्यता से हुआ है। लोगों ने बेवजह राजनीतिक कारणों से दुष्प्रचार किया। समारोह में वरिष्ठ आईएएस आरुषि मलिक का भी सम्मान किया गया। पूर्व आरएएस जस्सा राम ने कहा, आज तेजाजी को किसी अन्य समाज का बताया जा रहा है ऐसी भ्रांतियां दूर होनी चाहिए। इसके लिए अजमेर के सुरसुरा स्थित तेजाजी धाम पर शोध होना चाहिए। समारोह में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुबेसिंह चौधरी ने कहा, अथक प्रयास के बाद इतना बड़ा सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। ऐसे सम्मान समारोह से समाज के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हमारे युवा अब खेत पर ही अपनी योग्यता नहीं दिखा रहे बल्कि राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्रों में योग्यता प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे सम्मान समारोह महासभा की ओर से आयोजित किए जाएंगे। सुबेसिंह ने केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डोटासरा का विशेष तौर से आभार प्रकट किया।
S.P.MITTAL BLOGGER ( 24-08-2026)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9166157932
To Contact- 9829071511
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment