Monday, 24 August 2026

अजमेर में अब सरकारी समारोहों का संचालन कौन करेगा? वर्तिका शर्मा ने स्कूल प्राचार्य के पद से पांच वर्ष पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली। ============== अजमेर जिले के पीसांगन ब्लॉक के भगवानपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य वर्तिका शर्मा गत 18 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गई। हालांकि वर्तिका की सेवानिवृत्ति में पांच वर्ष शेष थे। लेकिन पारिवारिक कारणों की वजह से वर्तिका ने पांच वर्ष पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। वर्तिका की सेवानिवृत्ति के साथ ही सवाल उठता है कि अब अजमेर के सरकारी समारोह में संचालन का काम कौन करेगा? राजकीय सेवा में रहते हुए वर्तिका ही अधिकांश सरकारी समारोह का संचालन करती थी। चूंकि वर्तिका हिंदी और अंग्रेजी भाषा की ज्ञाता है, इसलिए दोनों ही भाषाओं में प्रभावी संचालन करती थी। प्रभावशाली आवाज के कारण वर्तिका की मांग हमेशा बनी रही। किसी भी समारोह में आवाज से ही पता चल जाता था कि मंच का संचालन वर्तिका शर्मा कर रही है। मौजूदा जिला कलेक्टर लोकबंधु भी वर्तिका की कार्यशैली और योग्यता के प्रशंसक है, जिले भर के अधिकारियों ने सेवानिवृत्ति पर वर्तिको शुभकामनाएं दी। अनेक सम्मान: वर्तिका को चार बार जिला स्तर एवं संभाग स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ। वर्ष 2014 में श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान तथा चुनाव संबंधी उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2017-18 में उनके कार्यकाल के दौरान स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल श्रीनगर को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ भारत पुरस्कार प्राप्त हुआ। वर्ष 1998 से अजमेर जिले के प्रमुख प्रशासनिक आयोजनों से जुड़ी रहीं। चुनाव संबंधी कार्य में लगभग 24 वर्षों तक उद्घोषक तथा गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस एवं पुष्कर मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लगभग 22 वर्षों तक नृत्य निर्देशक के रूप में सेवाएं दीं। कोविड-19 के दौरान वे जिला स्तर के वार रूम की प्रभारी सदस्य तथा जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के वार रूम से भी जुड़ी रहीं। सामाजिक सरोकारों में वे पिछले 18 वर्षों से आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़ी हैं तथा महावीर इंटरनेशनल, पृथ्वीराज फाउंडेशन के साथ भी सक्रिय हैं और सांस्कृतिक संस्था सप्तक में महासचिव पद का दायित्व निभा रही है। उन्होंने 90 से अधिक बार रक्तदान किया और वर्ष 2013 में देहदान का संकल्प लेकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सक्रिय, प्रतिभावान, सहयोगी और सदैव सकारात्मक रहने वाली शर्मा ने अपने कार्य और व्यवहार से सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों के बीच विशेष स्थान बनाया। सेवाकाल के प्रारंभ में लगभग दो वर्षों तक माहेश्वरी पब्लिक स्कूल एवं मयूर स्कूल में भी सेवाएं दीं। मोबाइल नंबर 9414378951 पर वर्तिका शर्मा को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दी जा सकती है। S.P.MITTAL BLOGGER ( 22-08-2026) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment