Wednesday 14 March 2018

अजमेर के मास्टर प्लान का प्रारूप किया चस्पा एक माह तक दे सकते हैं आपत्तियां।

अजमेर के मास्टर प्लान का प्रारूप किया चस्पा एक माह तक दे सकते हैं आपत्तियां। एडीए अध्यक्ष हेड़ा ने गिनाई उपलब्धियां।
=====

14 मार्च को अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शिव शंकर हेड़ा ने एक प्रेस काॅन्फ्रेंस की। इसमें हेड़ा ने बताया कि एडीए की परिधि में जो गांव शामिल किए गए हैं। उनकी भूमि को लेकर मास्टर प्लान का प्रारूप एडीए परिसर में चस्पा कर दिया गया है। कोई भी व्यक्ति इस प्रारूप पर अपनी आपत्तियां आगामी एक माह तक दर्ज करवा सकता है। इस प्रारूप में यह बताया गया है कि भूमि के प्रकार का क्या प्रस्ताव है। हेड़ा ने बताया कि आपत्तियों के निस्तारण के लिए राज्य सरकार ने एम्पावर्ड कमेटी का गठन किया है। प्राप्त आपत्तियों को इस कमेटी के पास ही भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रारूप 2013 से लेकर 2033 के लिए प्रस्तावित है। इस प्रारूप के मंजूर होने के बाद अजमेर के विकास का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा। 
एडीए में कोई विवाद नहींः
हेड़ा ने कहा कि एडीए ने कर्मचारियों और अधिकारियों को लेकर कोई विवाद नहीं है। अधिकारी और कर्मचारी नियमों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। फिर भी किसी भी व्यक्ति को कोई शिकायत है तो वे सीधे उनसे आकर मिल सकते हैं। वे कार्यालय समय में अधिकांश तौर पर दफ्तर में ही उपलब्ध रहते हैं। हेड़ा ने बताया कि 1 अप्रैल 2017 से लेकर 14 मार्च 2018 तक भूमि के नियमन के 2 हजार 418 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए इसमें से 1 हजार 990 मामलों का निस्तारण कर दिया गया। इसी प्रकार अन्य समस्याओं को लेकर 2 हजार 950 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए इनमें से 2 हजार 300 का निस्तारण किया गया। यह आंकड़े बताते हैं कि एडीए में तेजी के साथ कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि पुष्कर घाटी में सुरंग के लिए तकनीकी जांच के आदेश आज ही जारी किए जा रहे हैं। 
ट्रांसपोर्ट नगर में सुविधाएं उपलब्ध:
ब्यावर रोड पर तैयार ट्रांसपोर्ट नगर में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई है। केसरगंज और पड़ाव क्षेत्र में अभी भी जो ट्रांसपोर्ट कंपनियां चल रही है उनके मालिकों को चाहिए कि वे अपने दफ्तर जल्द से जल्द ट्रांसपोर्ट नगर में ले जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में पेयजल की समस्या का समाधान भी कर दिया गया है। हेड़ा ने बताया कि स्पोटर्स हब बनाने के लिए पीपीपी माॅडल पर विचार किया जा रहा है। 

No comments:

Post a Comment