Sunday 25 March 2018

वसुंधरा राजे की सुराज गौरव यात्रा ढकोसला साबित होगी-सचिन पायलट।

वसुंधरा राजे की सुराज गौरव यात्रा ढकोसला साबित होगी-सचिन पायलट।
पाकिस्तान और कश्मीर पर भाजपा की रणनीति विफल-विवेक बंसल
======


राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट ने कहा है कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे जो सुराज गौरव यात्रा निकालने जा रही हैं वह ढकोसला साबित होगी। 25 मार्च को अजमेर में मीडिया से संवाद करते हुए पायलट ने कहा कि साढ़े चार साल तो वसुंधरा राजे सत्ता के नशे में डूबी रही और अब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यात्रा निकाल रही हैं। समझ में नहीं आता कि किसका गौरव और किसका विकास हुआ है? पिछले चार वर्षों में वसुंधरा के शासन में समाज का हर वर्ग दुःखी और परेशान हुआ है। सरकार ने खुद भ्रष्टाचार करवाया है। आखिर यह सरकार किस मुंह से जनता के बीच जाएगी। पिछले चार वर्षों में जितने भी उपचुनाव हुए उन सबमें कांग्रेस की जीत हुई है। हाल के लोकसभा उपचुनाव में सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की करारी हार से जनता ने यह प्रदर्शित कर दिया है कि वर्तमान भाजपा सरकार नकारा ही नहीं, बल्कि जनविरोधी भी है। पायलट ने कहा कि प्रदेश की जनता वसुंधरा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। आगामी चुनाव कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर लड़ेंगे।
भाजपा की रणनीति विफलः
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल ने मीडिया से कहा कि पाकिस्तान और कश्मीर पर भाजपा की रणनीति विफल रही है। भाजपा के शासन में पाकिस्तान ने भारतीय सीमा पर हमले तेज कर दिए हैं तो कश्मीर में आतंकी मजबूत हुए हैं। अलगाववादियों की पैरोकार पीडीपी और महबूबा मुफ्ती के साथ सरकार बनाने के बाद तो आतंकियों के हौंसले और बुलंद हुए हैं। आज हमारे सैनिक रोजाना शहीद हो रहे हैं यह तब हो रहा है जब केन्द्र सरकार पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करने का दावा करती है। यह पहला अवसर है जब सैन्य कार्यवाही का भी राजनीतिकरण किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बताएं कि जब सर्जिकल स्ट्राइक कर दी गई तो फिर पाकिस्तान की ओर से रोजाना गोलाबारी क्यों हो रही है? अब तो पाकिस्तान हमारे आबादी क्षेत्रों में मिसाइल से हमले कर रहा है। भाजपा की नीति ने देश के अंदर सद्भावना का माहौल बिगाडा हैं तो पाकिस्तान और चीन से संबंध बिगाड़ लिए हैं। यूपीए सरकार के पीएम डाॅ. मनमोहन सिंह कभी भी बिना बुलाए पाकिस्तान नहीं गए और न ही बड़ी से बड़ी सैन्य कार्यवाही का ढिढोंरा पीटा। बंसल ने कहा कि इसी वर्ष 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को बड़ी जीत मिलेगी।

No comments:

Post a Comment