Sunday 14 May 2017

#2570
क्या सोनीजी की नसियां का व्यावसायिक उपयोग हो रहा है? डेढ़ सौ गज जमीन वापस लेने के लिए निगम ने नोटिस थमाया। =======================
यूं तो अजमेर स्थित विश्व विख्यात सोनीजी की नसिया को एक धार्मिक स्थल माना जाता है। लेकिन नगर निगम द्वारा दिए गए नोटिस से यह प्रतीत होता है कि नसिया का उपयोग व्यावसायिक तरीके से हो रहा है। नसिया के एक ट्रस्टी प्रमोद सोनी को दिए गए नोटिस में कहा गया है कि नसिया के मुख्य भाग के सामने जो जमीन लीज पर दी गई थी, उसे वापस सौंपा जाए। निगम ने लीज की अवधि को आगे नहीं बढ़ाया है, ऐसे में चारदीवारी और अन्य निर्माण अतिक्रमण है। अजमेर में जो पर्यटक आते हैं, वे दरगाह, पुष्कर के साथ-साथ सोनीजी की नसिया को भी देखते हैं, लेकिन ऐसे पर्यटकों से 5 रुपया शुल्क वसूला जाता है। इस नसिया का संचालन सोनी परिवार के ट्रस्टियों द्वारा किया जाता है। ट्रस्टी प्रमोद सोनी का कहना है कि शुल्क से जो आय होती है, उसे नसिया के रख-रखाव पर खर्च कर दिया जाता है। सोनी का कहना है कि 1999 में ही डेढ़ सौ वर्गगज जमीन खरीदने के लिए ट्रस्ट की ओर से प्रस्ताव दे दिया गया था। लेकिन निगम ने अभी तक भी हमारे प्रस्ताव पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। ट्रस्ट आज भी बाजार दर पर इस भूमि को खरीदने को तैयार है। सोनी का कहना है कि वे अतिक्रमणकारी नहीं है, वे लीज होल्डर हैं। ऐसे में नगर निगम का नोटिस वैधानिक मान्यता नहीं रखता। सोनी ने कहा कि वे 15 मई को ही निगम के नोटिस को अदालत में चुनौती देंगे। 
चबूतरे पर बनी हैं दुकानें :
सोनीजी की नसिया के पिछवाड़े में बने लंबे चबूतरे पर अवैध रूप से दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों का किराया भी ट्रस्ट के द्वारा ही वसूला जाता है। निगम इन अवैध दुकानों को तोडऩे पर भी विचार कर रहा है। 
डेढ़ सौ वर्ष पुरानी है नसिया :
इतिहास के जानकारों के अनुसार अजमेर की सोनीजी की नसिया कोई 150 वर्ष पुरानी है। इस नसिया का निर्माण कार्य सेठ मूलचंद सोनी ने 1864 में शुरू किया था और माना जाता है कि 1895 में यह नसिया बन कर तैयार हुई। जैन धर्म के अनुसार इस नसिया के अन्दर अयोध्या नगरी बनाई गई है। 
(एस.पी.मित्तल) (14-05-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)

No comments:

Post a Comment