Thursday 25 June 2015

नगर निगम चुनाव के लिए जागरुक मतदाता बनिए। क्लिक करते ही मिलेगी सब जानकारी


(spmittal.blogspot.in)

चुनाव के दौरान मतदान के दिन यह शिकायत आम रहती है कि मतदाताओं के नाम सूची में नहीं है। मतदाता यह तर्क देता है कि जब विधानसभा की सूची में नाम था तो लोकसभा चुनाव की सूची में अपने आप आ जाना चाहिए। अगस्त में होने वाले नगर निगम के चुनाव में मतदाता इस मुगालते में न रहे कि उसने लोकसभा और विधानसभा में अपना वोट दिया था, इसलिए नगर निगम के चुनाव में भी वोट देने का हक है। यह माना कि हर नागरिक को वोट देने का हक है, लेकिन यह तभी संभव है,जब उसका नाम मतदाता सूची में हो। मतदान वाले दिन यदि सूची में नाम नहीं है तो मतदाता कितना भी रो-पीट ले, वह वोट नहीं दे सकता। मतदाता को अब सिर्फ मतदाता नहीं बल्कि जागरुक मतदाता बनना होगा। निर्वाचन विभाग ने भी हमारे जैसे कारिंदे ही काम करते हैं और अब तो सारा काम कम्प्यूटर पर होता है। हो सकता है कि गलत बटन दबा देने से सूची में से नाम उड़ जाए। इसके लिए चुनाव से पहले मतदाता को अपना नाम सूची में सुनिश्चित कर लेना चाहिए।
अमजेर नगर निगम के चुनाव के प्रभारी और सिटी मजिस्ट्रेट हरफूल सिंह यादव ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी जानकारी ऑनलाइन कर दी गई है। क्लिक करते ही नए वार्ड का सीमांकन, मतदान केन्द्र, आरक्षण आदि की जानकारी मिल जाएगी। मतदाता सूची भी वार्डवार उपलब्ध है। ऐसी सभी जानकारी ajmer.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। यादव ने विनम्र शब्दों में मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनानाम सूची में अवश्य देख लेवे। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है तो वह निर्धारित फार्म भरकर उनके पास जमा करवा सकता है। शहर के हर मतदाता का नाम सूची में हो यह ड्यूटी मेरी है, लेकिन इसके लिए मतदाता को जागरुक बनना पड़ेगा। यादव ने कहा कि शहरी क्षेत्र में रहने वाले हर व्यक्ति के घर में बच्चों के पास मोबाइल फोन होता है। मतदाता सूची इस मोबाइल फोन पर भी आसानी से देखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त किसी भी ई-मित्र केन््रद अथवा कम्प्यूटर की दुकान पर सूची में अपना नाम देखा जा सकता है। यादव ने कहा कि जब राजनीकि दलों के कार्यकर्ताओं की नियुक्ति मतदान केन्द्र तक है तो फिर ऐसे कार्यकर्ताओं का भी यह दायित्व बनता है कि वे कम से कम अपने आस पड़ौस के लोगों के नाम तो चैक कर ही लें। जो लोग निगम का चुनाव लडऩा चाहते हैं, उनकी भी जिम्मेदारी बनती है। एक समय था जब मतदाता सूची हासिल करने के लिए लम्बी प्रक्रिया से गुजरना होता था, लेकिन अब वार्ड वार मतदाता सूची भी कम्प्यूटर से ही डाउनलोड की जा सकती है। हम जब दुनिया को मु_ी में कर रहे हैं तब अपना नाम सूची में नहीं देख सकते? यादव ने बताया कि नए सीमांकन के बाद गली मोहल्लों में वार्ड नम्बर अंकित कर दिए गए हैं। कोई भी व्यक्ति अपने वार्ड का नम्बर जानने के बाद आसानी से सूची में अपना नाम देख सकता है। उन्होंने बताया कि 22 जून तक जिन लोगों ने आपत्तियां दर्ज करवाई है, उनका निस्तारण 30 जून तक कर दिया जाएगा। इसके बाद 20 जुलाई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश किया जाएगा, लेकिन वंचित नागरिक अपना नाम मतदान से सात दिन पहले तक सूची में शामिल करवा सकते हैं। 20 जुलाई के बाद सप्लीमेंट्री सूची बनाई जाएगी। यादव ने बताया कि वेबसाइट पर सूची में नाम किस प्रकार से देखा जाए, इसकी विस्तृत जानकारी भी दी गई है। मतदाता पहचान पत्र का नम्बर याद नहंी होने पर भी सिर्फ नाम लिखकर ही सूची को देखा जा सकता है।
यहां खास तौर पर उल्लेखनीय है कि नगर निगम के साठ वार्डों का विस्तृत सीमांकन मेरे ब्लॉग (spmittal.blogspot.in) पर भी उपलब्ध है। सूचना के माध्यमों में मेरा ब्लॉग एक मात्र माध्यम है, जिस पर वार्डों का सीमांकन डिजीटल रूप में उपलब्ध है। नागरिक मेरे इस ब्लॉग से भी अपने वार्ड का आरक्षण और सीमाएं देख सकते हैं।
(एस.पी. मित्तल) M-09829071511

No comments:

Post a Comment