Thursday, 2 July 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 2 जुलाई को जब भ्रष्टाचार के मगरमच्छों को जेल में रखने की बात कह रहे थे, तभी भिवाड़ी में कृषि अधिकारी खाद व कीटनाशक दवाओं के निर्माताओं से वसूली कर रहे थे। भ्रष्टाचार के मगरमच्छों को किसी का भी डर नहीं है। ===================== 2 जुलाई को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मसूदा के देवमाली से वीबी जी रामजी योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए सीएम शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार के मगरमच्छ जेल में ही रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस सरकार में जलदाय मंत्री रहे महेश जोशी और जल जीवन मिशन के प्रभारी आईएएस सुबोध अग्रवाल की तुलना भ्रष्टाचार के मगरमच्छों से की। सीएम शर्मा ने सीना ठोक कर कहा कि राजस्थान में किसी भी स्थिति में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 2 जुलाई को सीएम शर्मा जब मसूदा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बोल रहे थे, तभी अलवर के भिवाड़ी में कृषि विभाग के अधिकारी खाद और कीटनाशक दवाओं के निर्माताओं से जांच का डर दिखाकर लाखों रुपए की वसूली कर रहे थे। एसीबी ने कृषि अधिकारी महेश मीणा के बैग से एक लाख 48 हजार और चंदा राम गुर्जर के बैग से 1 लाख 15 हजार रुपए की राशि बरामद की। इन दोनों के साथ ही अन्य कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव और कार के ड्राइवर रमेश चंद मीणा को भी गिरफ़्तार किया। असल में कृषि विभाग की इस टीम ने भिवाड़ी कोटपुतली, बहरोड की 20 फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया। बाद में इन अधिकारियों ने जांच का डर दिखाकर फैक्ट्री मालिकों से वसूली की। कृषि विभाग के अधिकारी खुले आम वसूली तब कर रहे थे, जब राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा है। मीणा ने नकली खाद और घटिया कीटनाशक बनाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान चला रखा है। अधिकारियों को पता है कि उनके मंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, लेकिन तीन कृषि अधिकारियों के भ्रष्टाचार से पता चलता है कि भ्रष्टाचारियों को किसी का भी डर नहीं है। इसे कृषि अधिकारियों की दिलेरी ही कहा जाएगा कि मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के सख्त रवैये के बाद भी खुलेआम वसूली हो रही है। इससे भ्रष्टाचार की जड़ों अंदाजा लगाया जा सकता है। S.P.MITTAL BLOGGER ( 03-07-2026) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment