Tuesday, 15 September 2026

अजमेर में मेयर पद को लेकर भाजपा, उत्तर और दक्षिण में बंटी। कांग्रेस की कमान धर्मेन्द्र राठौड़ के पास। ================= अजमेर भाजपा में नगर निगम के मेयर के पद को लेकर उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में खींचतान शुरू हो गई है। निगम के 80 वार्डों में से 38 उत्तर तथा 42 दक्षिण क्षेत्र में आते है। यही वजह है कि दक्षिण क्षेत्र की भाजपा विधायक श्रीमती अनिता भदेल चाहती है कि उनके क्षेत्र का कोई पार्षद मेयर बने, वहीं उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक और विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी चाहते है कि उत्तर क्षेत्र का पार्षद मेयर बने। देवनानी ने सतर्कता दिखाते हुए 11 सितंबर को मतदान के तुरंत बाद सभी भाजपा उम्मीदवारों को एकत्रित कर लिया, जबकि दक्षिण क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार 12 सितंबर को विधायक भदेल के निवास पर एकत्रित हुए। दक्षिण क्षेत्र के उम्मीदवार चाहते है कि वे किसी अलग स्थान पर रहे, लेकिन वहीं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों का दबाव है कि उत्तर और दक्षिण के सभी उम्मीदवार एक स्थान पर एकत्रित हो। पार्टी के बड़े नेताओं को भी पता है कि अजमेर में उत्तर और दक्षिण का विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। यही वजह है कि मेयर के चुनाव में सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अजमेर संभाग का प्रभारी राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी को बनाया गया है। चतुर्वेदी ने देवनानी और भदेल दोनों से संवाद किया और यह समझाने का प्रयास किया है कि 14 सितंबर को परिणाम आने तक कोई विवाद खड़ा न किया जाए। परिणाम के बाद बहुमत मिलने पर पार्षदों की राय से मेयर के उम्मीदवार का चयन होगा। जानकार सूत्रों के अनुसार यदि उत्तर क्षेत्र में भाजपा के पार्षदों की संख्या ज्यादा होती है तो देवनानी अपने प्रभाव से उत्तर के किसी पसंदीदा पार्षद को ही मेयर बनवाएंगे। लेकिन दक्षिण क्षेत्र की भाजपा विधायक भदेल का पूरा प्रयास है कि इस बार उनकी पसंद का मेयर बने। कांग्रेस की कमान राठौड़ के पास: अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस के 77 उम्मीदवार हैं। दो वार्डों में कांग्रेस ने उम्मीदवार खड़े नहीं किए, जबकि एक वार्ड में अधिकृत उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो गया। कांग्रेस में उम्मीदवारों को एकत्रित करने का काम आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के पास है। राठौड़ ने ही कांग्रेस के बड़े नेता डॉ. राजकुमार जयपाल, विजय जैन, महेंद्र सिंह रलावता, हेमंत भाटी, द्रौपदी कोली आदि के बीच समन्वय स्थापित किया है। हालांकि कांग्रेस में उम्मीदवारों का चयन इन्हीं नेताओं की सिफारिश पर हुआ है। 11 सितंबर को मतदान के बाद राठौड़ ने ही इन सभी नेताओं से संवाद कर अपने अपने उम्मीदवारों को एक ही स्थान पर एकत्रित करने के लिए सहमत किया है। राठौड़ ने भरोसा दिलाया है कि निर्वाचित पार्षदों की सहमति से ही मेयर पद के उम्मीदवार का चयन होगा। भाजपा की तरह कांग्रेस को भी निगम में बहुमत मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस ने वार्ड 3 से निर्दलीय उम्मीदवार संध्या काबरा और वार्ड 4 से निर्दलीय उम्मीदवार हेमा गहलोत को समर्थन दिया है। लेकिन अभी यह पता नहीं चला है कि हेमा गहलोत और संध्या काबरा कांग्रेस के संवाद कैंप में शामिल हुई या नहीं? हेमा गहलोत भाजपा के पूर्व मेयर धर्मेन्द्र गहलोत की पत्नी है । S.P.MITTAL BLOGGER ( 12-09-2026) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment