Tuesday, 15 September 2026

जोधपुर हाईकोर्ट के भवन के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग। हाईकोर्ट को खुद भवन का निर्माण करवाना चाहिए था-अशोक गहलोत, पूर्व सीएम। गहलोत के मुख्यमंत्री रहते हुए ही भवन को हाईकोर्ट को सौंपा था। ================ राजस्थान में जोधपुर स्थित हाईकोर्ट की मुख्यपीठ के नए भवन में निर्माण के दौरान घटिया सामग्री के उपयोग के संदर्भ में 9 सितंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि पूर्व में हाईकोर्ट प्रशासन ही अदालतों के भवनों का निर्माण करवाता था। अब भी हाईकोर्ट प्रशासन को ही भवनों का निर्माण करवाना चाहिए। असल में जोधपुर हाईकोर्ट के नए भवन का शुभारंभ वर्ष 2019 में तब हुआ था, जब अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री थे। गहलोत के कार्यकाल में ही राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड (आरएसआरडीसी) ने भवन की सुपुर्दगी हाईकोर्ट प्रशासन को दी थी। लेकिन शुरुआत से ही भवन निर्माण की खामियां उजागर हो रही थी। विगत दिनों जब भवन का गुबंद ही टेड़ा हो गया तो तत्कालीन कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई। हाईकोर्ट की नाराजगी के चलते पुलिस ने भवन निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग करने के आरोप में आरएसआरडीसी के इंजीनियर सुरेश शर्मा, अजीत कुमार सांगी, शिवहरे माहोर, दीपक मित्तल, अजय कृष्ण मूथा के साथ साथ भवन का निर्माण करने वाली वरिंदर कंट्रक्शन कंपनी के मालिक वरिंदर गर्ग को गिरफ्तार कर लिया। चूंकि भ्रष्टाचार का यह मामला इन दिनों सुर्खियों में है और घटिया निर्माण की जिम्मेदारी सीधे सीधे कांग्रेस सरकार पर आ रही हे। वर्ष 2019 में जब मुख्यमंत्री रहते हुए अशोक गहलोत ने हाईकोर्ट भवन की सुपुर्दगी दी, तब गहलोत ने बढचढ़ कर श्रेय लिया था। गहलोत का गकहना रहा कि उनके कार्यकाल में ही जोधपुर में भूमि का आवंटन हुआ और उनके मुख्यमंत्री रहते हुए ही हाईकोर्ट का नया भवन तैयार हुआ है। जो अशोक गहलोत वर्ष 2019 में नए भवन के निर्माण का श्रेय ले रहे थे, वो ही अशोक गहलोत अब जिम्मेदारी हाईकोर्ट प्रशासन पर डाल रहे है। सवाल उठता है कि अदालतों के भवनों का निर्माण हाईकोर्ट प्रशासन करवाए यह बात गहलोत को कहने की जरुरत क्यों पड़ी? असल में गहलोत अपनी गलती की जिम्मेदारी कभी स्वीकार नहीं करते है। गहलोत ने हमेशा ही अपनी गलतियों की जिम्मेदारी दूसरों पर डाली है। गहलोत ने 25 सितंबर 2022 को मुख्यमंत्री रहते हुए जब कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ खुली बगावत कीतब भी अपनी बगावत के लिए सचिन पायलट को जिम्मेदार ठहराया।

No comments:

Post a Comment