Thursday, 26 November 2026
राजस्थान में पंचायत चुनाव: चार केंद्रीय मंत्रियों में से सिर्फ अजमेर के सांसद भागीरथ चौधरी भाजपा को जीत दिला पाए।
अलवर में भूपेंद्र यादव की सबसे बुरी हार।
=================
राजस्थान से भाजपा के चार सांसद केंद्र में मंत्री है। इन चारों सांसदों का राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा दबदबा है, लेकिन 20 नवंबर को घोषित पंचायतीराज के चुनाव परिणाम में अकेले अजमेर के सांसद केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ही अपने क्षेत्र में भाजपा को जीत दिला पाए हैं। अजमेर जिला परिषद की 33 सीटों में से भाजपा 19 सीट जीतने में सफल रही है, जबकि कांग्रेस को 12 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। ऐसी स्थिति में अजमेर में भाजपा का जिला प्रमुख तय है। लेकिन शेष तीन केंद्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्रों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के संसदीय क्षेत्र जोधपुर की जिला परिषद में 43 में से भाजपा को मात्र 8 सीटों पर ही सफलता मिली है। इसी प्रकार केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के संसदीय क्षेत्र बीकानेर में भी 41 में से मात्र 8 सीटों पर ही भाजपा को सफलता मिली है, जबकि 30 सीटें कांग्रेस ने हासिल की है। सबसे बुरी हार केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के अलवर संसदीय क्षेत्र में हुई है। अलवर जिला परिषद की 39 सीटों में से मात्र चार सीटें ही भाजपा को मिल पाई है, 33 सीटें कांगे्रस को मिली है। पंचायत राज के चुनाव परिणाम बताते हैं कि चार में से तीन केंद्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति बेहद कमजोर है। यूं तो प्रदेश भर में भाजपा को हार कार सामना करना पड़ा है। जिला परिषद के 1 हजार 275 वार्डों में से कांग्रेस को 794 वार्डों में सफलता मिली, जबकि भाजपा को मात्र 357 वार्डों में ही जीत मिली है। इसी प्रकार 419 पंचायत समिति के 7 हजार 535 वार्डों में से कांग्रेस को 3 हजार 758 वार्डों में सफलता मिली, जबकि भाजपा को 2 हजार 213 वार्डों में जीत मिली है। ऐसी स्थिति में अधिकांश पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनेंगे। केंद्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्रों में भाजपा की बुरी हार से प्रतीत होता है कि भाजपा की स्थिति कमजोर हो रही है। प्रदेश में मात्र दो वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्रियों के संसदीय क्षेत्रों में भाजपा की हार बहुत मायने रखती है।
S.P.MITTAL BLOGGER ( 21-11-2026)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9166157932
To Contact- 9829071511
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment