Thursday, 26 November 2026

इस बार अजमेर में गणतंत्र दिवस का समारोह 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाले नए स्टेडियम में होगा। पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो गया है अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने दीपावली स्नेह मिलन में पत्रकारों को इंडिया से भारत पुस्तक उपहार में दी। पुस्तक की प्रस्तावना संघ प्रमुख भागवत ने लिखी है। ================= अजमेर उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक और विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव दवेनानी ने 15 नवंबर को पत्रकारों के लिए दीपावली स्नेह मिलन किया। इस अवसर पर देवनानी ने अजमेर में करवाए जा रहे विकास कार्यों और विधानसभा में हो रहे नवाचारों की जानकारी भी दी। देवनानी ने बताया कि माकड़वाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीपर्पज स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। इस स्टेडियम पर 12 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक व अन्य बड़े आयोजन हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह भी इसी नए स्टेडियम में होगा। उन्होंने बताया कि पटेल मैदान वाला स्टेडियम सिर्फ खेलों के लिए आरक्षित हो जाने के बाद अजमरे में बड़े आयोजन के लिए कोई स्टेडियम या स्थल नहीं था। गणतंत्र दिवस और स्वाधीनता दिवस के समारोह में भी पुलिस लाइन के छोटे खेल मैदान पर आयोजित किए जा रहे थे, लेकिन नए स्टेडियम के बन जाने से अजमेर के लोगों को राहल मिलेगी। देवनानी ने कहा कि अजमेर अब पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो गया है। अजमरे में ऐसे स्थल तैयार किए गए हैं, जिन्हें अजमेर आने वाले पर्यटक देख सकेंगे। सभी स्थानों को देखने के लिए कम से कम दो दिन की जरुरत होगी। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि अजमेर को विकास की नई पहचान दिलाने के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। शहर में 40 से अधिक विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से अधिकांश कार्य इसी वर्ष पूरे होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अजमेर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी और इस परिवर्तन में शहर के प्रत्येक नागरिक को भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि अजमेर में लगभग 177 करोड़ रुपए की लागत से सड़क विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 107 करोड़ रुपए के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 42 करोड़ रुपए के कार्य प्रगतिरत हैं। शेष कार्य भी जल्द शुरू किए जाएंगे। रिंग रोड की दिशा में 32 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख सड़कों का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और आवागमन में सुविधा मिलेगी। देवनानी ने कहा कि शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए अमृत योजना के तहत करीब 270 करोड़ रुपए की योजना के टेंडर हो चुके हैं तथा कार्य प्रगति पर है। वहीं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 78 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 28 करोड़ रुपए के कार्य पूरे हो चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए शहर में 240 करोड़ रुपए की लागत से सात मंजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही कोटड़ा में लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण भी जल्द पूरा होगा। इन परियोजनाओं से अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा तथा मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए हाथीखेड़ा में 20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। अब अजमेर भी देश के उन चुनिंदा शहरों के नक्शे में शामिल होगा, जहां बालिका सैनिक स्कूल है। इस स्कूल में पहले साल में 200 बालिकाओं को प्रवेश मिलेगा। स्कूल में बालिकाओं को विश्व स्तरीय आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर में 1400 से अधिक व्यक्तियों की क्षमता वाला सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट एवं आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस विकसित किए जाएंगे। पंचशील क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस पार्क बनाया जा रहा है। इसमें ऑडिटोरियम, प्लेनेटेरियम, एग्जीबिशन हॉल एवं सेमिनार कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी। देवनानी ने बताया कि ऐतिहासिक तारागढ़ को संरक्षित करने और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। यहां भव्य म्यूजियम, चौहान सम्राटों की आदमकद प्रतिमाएं, गार्डन, पार्किंग, कैफे सहित विभिन्न पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे तारागढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सकेगी। इसी प्रकार प्रकृति प्रेमियों के लिए लैपर्ड सफारी भी बेहतरीन टूरिस्ट पॉइंट के रूप में विकसित होगी एवं यहाँ तेंदुए, हिरण तथा अन्य कई जंगली जानवर आसानी से दिखेंगे। घाटी क्षेत्र में सनसेट प्वाइंटए सेल्फी प्वाइंट एवं अन्य पर्यटन स्थलों को नेचुरल लुक के साथ विकसित किए जा रहे हैं। सूरजपोल स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान के अस्तबल क्षेत्र को भी व्यू पॉइंट के साथ पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थलों पर बैठने एवं अल्पाहार की व्यवस्था विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वरुण सागर के सौंदर्यीकरण की योजना के तहत यहां भगवान वरुण की 17 फीट ऊंची एवं लगभग तीन टन वजनी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसका लोकार्पण अगले माह प्रस्तावित है। वरुण सागर के विकास को अजमेर को झीलों की नगरी के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। आनासागर, वरूण सागर और चौरसियावास झीलों का विकास पर्यटन को नए पंख देगा। इसी प्रकार 8.50 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रोड पर भव्य प्रवेश द्वार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर तीर्थराज पुष्कर, भगवान झूलेलाल, सम्राट अजयराज, सम्राट पृथ्वीराज एवं स्वामी दयानंद की प्रतिमाएं अंकित होंगी। यह अजमेर की ऐतहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा। देवनानी ने कहा कि अजमेर में हो रहे विकास कार्य आने वाले समय में शहर की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे। पर्यटनए आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से अजमेर को एक विकसित एवं आकर्षक शहर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी से इस विकास यात्रा में सकारात्मक सहयोग एवं सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इंडिया से भारत पुस्तक भेंट: देवनानी ने पत्रकारों को प्रशांत पोल द्वारा लिखित पुस्तक इंडिया से भारत भेंट की। इस पुस्तक की प्रस्तावना राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसघंचालक मोहन भागवत ने लिखी है। इससे इस पुस्तक के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है। भागवत ने अपनी प्रस्तावना में लिखा है कि यह पुस्तक भारत की भारतीयता, स्वाधीन भारत में ओपनिवेशक मानसिकता से चले संघर्ष की समीक्षा है। पाठकों को इसके पठन से भारत को अपनी शास्वत नींव पर पक्के खड़े युगानुकूल भारत के रंगरूप आकार की अचूक कल्पना करने की दृष्टि तथा उस भारत को साकार करने की शक्ति प्राप्त होगी। देवनानी ने कहा कि इस पुस्तक को पढ़कर भारत को सही मायने में समझा जा सकता है। S.P.MITTAL BLOGGER ( 16-11-2026) Website- www.spmittal.in Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11 Blog- spmittal.blogspot.com To Add in WhatsApp Group- 9166157932 To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment