Sunday 8 November 2015

बिहार के परिणाम से सबक लें देवनानी और भदेल



नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की लाख कोशिश के बाद भी बिहार में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। सवाल उठता है कि बिहार की इस हार से अजमेर शहर के दोनों भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी और श्रीमती अनिता भदेल कोई राजनीतिक सबक लेंगे? अजमेर की जनता ने दोनों को लगातार तीसरी बार विधायक बनाया और इस बार तो सीएम वसुंधरा राजे ने दोनों को स्वतंत्र प्रभार का मंत्री भी बना दिया। लेकिन यह अजमेर शहर के लोगों का दुर्भाग्य हैं कि दोनों एक-दूसरे को सुहाते नहीं हैं। दोनों की दुश्मनी की वजह से भाजपा के शहर अध्यक्ष का मामला लटका हुआ है। इससे पहले भी मेयर के चुनाव में इन दोनों की वजह से भाजपा को बगावत का सामना करना पड़ा था। हालत इतने खराब है कि देवनानी भदेल के दक्षिण क्षेत्र में और भदेल देवनानी के उत्तर क्षेत्र में अपने विभाग का कोई कार्यक्रम नहीं कर सकती है। इससे ज्यादा शर्मनाक बात क्या होगी कि एक ही शहर के होने के बाद दोनों मंत्री अपने कार्यकर्ताओं के लिए कोई पत्र भी एक-दूसरे को नहीं लिख सकते हंै। भदेल का तो कहना है कि स्कूली शिक्षा में किसी शिक्षक के तबादले के लिए सीएम को पत्र लिख सकती हैं, लेकिन मंत्री देवनानी को नहीं। देवनानी और भदेल में जो भीषण युद्ध चल रहा है  उसका खामियाजा भाजपा कार्यकर्ताओं को उठाना पड़ रहा है। यदि कोई कार्यकर्ता भदेल से बात कर ले तो देवनानी नाराज और देवनानी से बात कर ले तो भदेल नाराज। यहीं वजह है कि बेचारा कार्यकर्ता भी उत्तर और दक्षिण में विभाजित है। शहर अध्यक्ष के चयन में देवनानी ने डॉ.प्रियशील हाड़ा का नाम इसलिए रखा ताकि भदेल के सामने विधानसभा चुनाव के समय एस.सी. का एक दावेदार खड़ा किया जा सके। इसी प्रकार भदेल ने कंवल प्रकाश किशनानी के नाम का प्रस्ताव इसलिए किया ताकि देवनानी के सामने सिंधी उम्मीदवार खड़ा किया जा सके। जब इस स्तर पर खुला राजनैतिक युद्ध हो रहा है तो फिर सवाल उठता है कि अगले चुनाव में भाजपा कैसे जीतेगी? इन दोनों के आपसी झगड़े की वजह से ही हाल ही में संपन्न हुए नगर निगम के 60 वार्डो में से 31 में ही भाजपा को जीत मिली। मेयर के चुनाव में तो अधिकृत उम्मीदवार धर्मेन्द्र गहलोत को 30 मत ही मिले। गहलोत लॉटरी से मेयर बन पाए। यदि इन दोनों ने अपने व्यवहार में बदलाव नहीं किया तो आगामी चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)M-09829071511

No comments:

Post a Comment