Tuesday 10 November 2015

केन्द्रीय मंत्रीमंडल से सांवरलाल जाट की हो सकती हैं छुट्टी



केन्द्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाओं के बीच कहा जा रहा है कि अजमेर के सांसद और केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री सांवरलाल जाट की छुट्टी हो सकती है। जानकार सूत्रों के अनुसार पीएम नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती भी जाट के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं। सूत्रों की माने तो उमा भारती ने अपने राज्यमंत्री के बारे में पीएम मोदी से भी शिकायत की है।  इस बात का पता इससे भी चलता है कि विभाग के अधिकांश कार्यक्रमों में उमा भारती ही उपस्थित रहती हैं। गंगा नदी के सफाई अभियान में भी जाट की कोई भूमिका नजर नहीं आ रही है। बताया जा रहा है कि जाट भी केन्द्रीय मंत्रिमंडल में अपनी भूमिका से खुश नहीं है, इसलिए उनका अधिकतर समय अजमेर और राजस्थान में ही व्यतीत होता है। देशभर में बड़ी जल परियोजनाएं हों अथवा नदियों को जोडऩे का काम हो, किसी में भी जाट की भूमिका नहीं है। वैसे भी उमा भारती के राजनीतिक व्यक्तित्व के सामने जाट का व्यक्तित्व छोटा है। सूत्रों के अनुसार सांवरलाल जाट जाट समुदाय से संबंध रखते हैं, इसलिए उन्हें हटा कर किसी जाट सांसद को ही केन्द्रीय मंत्री बनाया जाएगा। इसमें नागौर के भाजपा सांसद सी.आर.चौधरी के नाम की चर्चा है। चौधरी राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष से सेवानिवृत्त हुए हैं। आयोग में नियुक्ति से पहले चौधरी राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। चौधरी की जाट समुदाय में भी अच्छी पकड़ है। केन्द्र में भाजपा को बहुमत मिलने के समय प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव के कारण सांवरलाल जाट को केन्द्रीयमंत्री बनाया गया। लेकिन अब मुख्यमंत्री और जाट में भी पहले जैसे संबंध नहीं रहे हैं। ऐसे में जाट की स्थिति राजनीतिक दृष्टि से कमजोर मानी जा रही है। 
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)M-09829071511

No comments:

Post a Comment