Friday 25 September 2015

आर.के. मार्बल के दस्तावेजों की जांच का काम जारी

आर.के. मार्बल के विभिन्न कार्यालयों पर 25 सितम्बर को लगातार तीसरे दिन भी दस्तावेज जांचने का काम जारी रहा। आयकर विभाग ने 23 सितम्बर को एक साथ कोई 30 स्थानों पर छापामार कार्यवाही की थी। आयकर विभाग को आर.के. मार्बल के विरुद्ध शिकायतें मिली थी। विभाग के अधिकारियों ने संस्थान के मालिक अशोक पाटनी, सुरेश पाटनी और विमल पाटनी से सम्पर्क साधा है। अधिकारियों ने आर.के. मार्बल और वंडर सीमेन्ट की आय को लेकर जो दस्तावेज जुटाए हैं उन पर अब मालिकों से पूछताछ करनी है। हालांकि अधिकारियों ने संस्थान के किशनगढ़ स्थित मुख्यालय पर चार्टेड अकाउंटेन्ट सुभाष अग्रवाल और सी.एम. अग्रवाल से पूछताछ की है। विभाग ने जांच का मुख्य केन्द्र किशनगढ़ के आर.के. हाऊस को ही बना रखा है। जानकार सूत्रों के अनुसार चित्तौड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद आदि दफ्तरों से भी कागजात किशनगढ़ मंगवाए गए हैं। लगातार तीसरे दिन भी आयकर विभाग के अधिकारियों ने अघोषित आय के बारे में मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के निर्देशन के बाद ही जांच अधिकारी कोई जानकारी देंगे।
किशनगढ़ में सन्नाटा:
आर.के. मार्बल समूह पर जब से छापामार कार्यवाही शुरू हुई है, तब से किशनगढ़ के मार्बल क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। अधिकांश फैक्ट्रियों में मार्बल कटिंग का काम बंद पड़ा है। छापामार कार्यवाही से सम्पूर्ण मार्बल जगत में हड़कम्प है।
खान घोटाले से जुड़ा है मामला:
आयकर विभाग की छापामार कार्यवाही को राजस्थान में हाल ही में उजागर खान घोटाले में जोड़कर देखा जा रहा है। घोटाले के मुख्य अभियुक्त खान विभाग के प्रमुख शासन सचिव अशोक सिंघवी और आर.के. मार्बल के मालिक अशोक पाटनी के बीच गहरी मित्रता उजागर हुई है। सिंघवी निलम्बन के बाद उदयपुर की सेन्ट्रल जेल में बंद है। इस मामले में 7 अन्य अधिकारियों और खान कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)M-09829071511

No comments:

Post a Comment