Monday 18 January 2016

मुख्यमंत्री की पसंद से बने हेड़ा एडीए के अध्यक्ष



मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की पसंद से शिव शंकर हेड़ा को अजमेर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। 18 जनवरी को सरकार ने राजनीतिक नियुक्तियों की जो सूची जारी की है। उसमें हेड़ा का नाम भी शामिल है। एडीए का अध्यक्ष बनने के लिए भाजपा के अनेक दिग्गज नेता लाइन से लगे हुए थे। शुरू से ही हेड़ा का पलड़ा भारी माना जा रहा था। क्योंकि हेड़ा ही मुख्यमंत्री राजे की पहली पसंद थे। हेड़ा ने हाल ही में राजे से मुलाकात कर अपना दावा प्रस्तुत भी किया था। हेड़ा का चयन अकेले मुख्यमंत्री के स्तर पर हुआ है। 
हेड़ा पूर्व में शहर भाजपा के शहर अध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अजमेर महानगर संघ चालक आदि महत्त्वपूर्ण पदों पर रह चुके है। नगर निगम के चुनावों में मेयर पद को लेकर भी हेड़ा का नाम सामने आया था। लेकिन अजमेर के प्रभारी मंत्री वासुदेव देवनानी की वजह से इच्छित वार्ड न मिलने के कारण हेड़ा पार्षद का चुनाव नहीं लड़ सके। जानकारों की माने तो मुख्यमंत्री की ओर से ही हेड़ा को वार्ड पार्षद का चुनाव लडऩे की सूचना भिजवाई गई थी। मेयर नहीं बनने का मुआवजा एडीए का अध्यक्ष बना कर दिया गया है। 
राजनीतिक में हेड़ा की छवि ईमानदार और साफ सुथरी मानी जाती है। हालांकि हेड़ा का स्वास्थ्य कमजोर रहता है, लेकिन एडीए का अध्यक्ष बनने की दौड़ में हेड़ा ने स्वयं को चुस्त-दुरुस्त प्रदर्शित किया। पूर्व में हेड़ा विवादों में भी रहे है। अजमेर विकास मंच से जुड़ कर हेड़ा ने पूर्व में भाजपा के खिलाफ बगावती तेवर भी दिखाए थे, तब उन्हें पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। लेकिन कुछ समय बाद निलबंन रद्द कर दिया गया। हेड़ा लम्बे समय तक राजनीतिक से दूर रहे और संघ की गतिविधियों से जुड़े रहे। 
अपेक्षाओं पर खरा उतरुंगा-हेड़ा
एडीए के अध्यक्ष के पद पर घोषणा होने के बाद शिव शंकर हेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरुंगा मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश पर ही अजमेर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेरे लिए एडीए के अध्यक्ष का पद चुनौती पूर्ण है। एडीए की सीमा में अब पुष्कर और किशनगढ़ भी शामिल कर लिया गया है। ऐसे में काम का दायरा भी बढ़ गया है। अजमेर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जिस प्रकार से स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। यइ उनकी पहली प्राथमिकता होगी। 
नेताओं ने दी बधाई
हेड़ा के एडीए का अध्यक्ष बनने पर स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती अनिता भदेल, भाजपा के देहात अध्यक्ष बी.पी.सारस्वत, शहर अध्यक्ष अरविंद यादव, मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, विधायक सुरेश रावत, शत्रुघ्न गौतम, भागीरथ चौधरी, कंवल प्रकाश किशनानी, सुभाष काबरा, सुरेश टांक, शरद गोयल, अनीष मोयल, नीरज जैन आदि ने बधाई दी। 

(एस.पी. मित्तल)  (18-01-2016)
(spmittal.blogspot.inM-09829071511

No comments:

Post a Comment