Monday 28 December 2020

इधर स्थापना दिवस पर कांग्रेस के कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं तो उधर राहुल गांधी इटली में वर्ष के अंतिम दिनों का आनंद उठा रहे हैं।कांग्रेस ने अधिकृत तौर पर माना कि राहुल गांधी छुट्टियों पर गए हैं। बहन प्रियंका गांधी ने संभाली पार्टी की कमान।

28 दिसम्बर को कांग्रेस ने अपना 136वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्राएं भी निकाली। लेकिन कांग्रेस पार्टी के सबसे बड़े नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके राहुल गांधी इन दिनों इटली में वर्ष के अंतिम दिनों का आनंद ले रहे हैं। आमतौर पर राहुल गांधी की इटली और अन्य विदेश यात्राओं के बारे में अधिकृत जानकारी नहीं दी जाती है, लेकिन इस बार पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और महामंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बयान जारी कर कहा है कि राहुल गांधी इटली के दौरे पर हैं। सब जानते हैं कि इटली राहुल गांधी का ननिहाल है। भाई के ननिहाल चले जाने के कारण ही 28 दिसम्बर को कांग्रेस के स्थापना दिवस के कार्यक्रम की कमान बहन प्रियंका गांधी ने संभाली है। कांग्रेस के स्थापना दिवस के कार्यक्रम को छोड़कर राहुल गांधी के ननिहाल चले जाने के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन पत्रकारों के समक्ष किसान आंदोलन का जिक्र किया। प्रियंका ने कहा कि किसान समुदाय अपनी मांगों को लेकर एक माह से दिल्ली की सीमाओं पर बैठा हैं, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। राहुल गांधी वर्ष के अंतिम दिनों में अपने देश में रहे या इटली में यह गांधी परिवार का आंतरिक मामला है, लेकिन यह सही है कि बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के बाहर बैठा है। किसान आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन भी है। इसी प्रकार राजस्थान में सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी 28 दिसम्बर से ही प्रदेश भर में किसान संवाद अभियान चला रही है। चार माह बाद ही पश्चिम बंगाल में विधानसभा के चुनाव होने हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर देश के आम लोगों को अनेक परेशानी हो रही है। सवाल उठता है कि ऐसे माहौल में राहुल गांधी को अपने देश के लोगों के साथ खड़ा नहीं होना चाहिए? राहुल गांधी की कार्यशैली को लेकर कांग्रेस के 23 वरिष्ठ नेताओं ने गांधी परिवार की मुखिया श्रीमती सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा था। वरिष्ठ नेताओं का सबसे बड़ा आरोप यही था कि राहुल गांधी मिलते ही नहीं है। इस मुद्दे पर विगत दिनों हुई कांग्रेस की बैठक में चर्चा भी हुई, लेकिन राहुल के ताजा इटली दौरे से प्रतीत होता है कि वे अपने नज़रिए से ही पार्टी में भूमिका निभाएंगे। बड़े नेता कुछ भी सोचे लेकिन राहुल की अपनी कार्यशैली रहेगी। पार्टी के स्थापना दिवस से पहले राहुल के लिए इटली जाना महत्वपूर्ण है। 
S.P.MITTAL BLOGGER (28-12-2020)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9509707595
To Contact- 9829071511

No comments:

Post a Comment