Wednesday 14 October 2015

अजमेर के सात आरएएस बने आईएएस

राजस्थान के जिन 44 आरएएस को आईएएस में पदोन्नित मिली है, उनमें से सात अजमेर में कार्यरत हैं। रोचक बात यह है कि इन सात में से भी पांच राजस्थान राजस्व मंडल के सदस्य हैं। ये सदस्य हैं अशफाक हुसैन, मोहम्मद हनीफ, प्रियव्रत्त पाड्या, सूबे सिंह यादव व मोडूदान देथा। इसके साथ ही आयुर्वेद विभाग की निदेशक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव और राजस्व अपील अधिकारी बद्रीलाल स्वर्णकार भी आईएएस बन गए हैं। इन सभी अधिकारियों ने 14 अक्टूबर को जयपुर के कार्मिक विभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और राजस्थान प्रशासनिक सेवा को त्यागने तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा को ग्रहण करने की वैधानिक कार्यवाही पूरी की। इन अधिकारियों को यह भी बताना पड़ा कि आईएएस की सेवा में आने पर उनके परिवार की स्थिति क्या है तथा कितनी सम्पत्ति अब तक अर्जित की गई है। हालांकि अभी पदोन्नति का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है, लेकिन पदोन्नति की अधिकृत सूचना दे दी गई है। राजस्व मंडल में सदस्यों की नियुक्ति कोटे के अनुरूप होती है। भले ही इन पांचों सदस्यों की नियुक्ति आरएएस कोटे से हुई हो, लेकिन अब इनका महत्त्व आईएएस कोटे का माना जाएगा। मंडल के वकील बार-बार यह मांग करते रहे हैं कि आरएएस के बजाए आईएएस अधिकारियों को नियुक्त किया जाए। ताजा पदोन्नति से वकीलों की मांग भी पूरी हो गई है। मंडल में अब आरएएस से ज्यादा आईएएस हो गए हैं। यह भी सही है कि आईएएस बनने के बाद कोई भी अधिकारी मंडल में एक दिन भी रहना नहीं चाहेगा। यही वजह है कि नोटिफिकेशन से पहले ही नए नवेले आईएएस अधिकारियों ने बोर्ड का खूंटा तोडऩे की ताकत लगा दी है। जिन अधिकारियों की सेवा निवृत्ति में एक या दो वर्ष रह गए हंै, वे तो कलेक्टर बनने का ख्वाब देख रहे है। देखना है कि वसुंधरा राजे के राज में कितने नए नवेले आईएएस कलेक्टर बनते हैं। वैसे अशोक सावरिया जैसे आईएएस भी हैं,जो पदोन्नति के बाद भी पिछले कई वर्षों से राजस्व मंडल के खूंटे से ही बंधे हुए हैं।
रह गई पंवार:
अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहलता पंवार को भी आरएएस से आईएएस बनना था, लेकिन तकनीकी कारणों से पंवार का नाम रह गया, अब जब आरएएस से आईएएस पदोन्नति होगी, तो सबसे पहले पंवार ही आईएएस बनेंगी। जानकारों के अनुसार यदि इस सूची में पदोन्नति मिल जाती तो श्रीमती पंवार अजमेर की जिला कलेक्टर आरुषि मलिक से सीनियर हो जातीं।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)M-09829071511

No comments:

Post a Comment