Friday, 23 October 2026
पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने एएसपी राजेश कुमार मील, डी एसपी मनोज कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर रामलाल शर्मा और पुलिस कर्मियों से कहा, बेशर्म लोग डूब मरो, पुलिस की वर्दी पहनकर आ गए हो, थोड़ा तो शर्म करो।
सवाल-आखिर अजमेर पुलिस सार्वजनिक तौर पर इतनी अपमानित क्यों हो रही है?
जिला परिषद सदस्य चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर विवाद।
=============
मेरे फेसबुक पेज पर एक वीडियो इस ब्लॉग से संबंधित पोस्ट किया गया है। यह वीडियो 15 अक्टूबर को अजमेर जिले के सरवाड़ पुलिस स्टेशन के बाहर का है। थाने के बाहर केकड़ी के एएसपी राजेश कुमार मील, डीएसपी मनोज कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर रामपल शर्मा सहित अनेक पुलिसकर्मी खड़े हैं। इनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रघु शर्मा भी कुछ ग्रामीणों के साथ खड़े हैं। तभी रघु शर्मा जिला परिषद के वार्ड 12 के कांग्रेस उम्मीदवार हंसराज गुर्जर की गिरफ्तारी पर नाराजगी जता रहे हैं। ग्रामीणा और पुलिसकर्मियो की मौजूदगी में रघु शर्मा ने तीनों बड़े पुलिस अधिकारियों से कहा, बेशर्म लोग कुछ तो शर्म करो। पुलिस की वर्दी पहनकर तुम यहां आ गए हो। तुम्हें पता होना चाहिए कि यह वर्दी जनता के पैसों की हैं। मैंने डीजी साहब से बात की है, तुम भले ही भजनलाल मुख्यमंत्री को बुला लो, लेकिन मैं पीछे हटने वाला नहीं हंू। रघु शर्मा ने कहा कि सत्ता तो आती जाती रहती है। तुम लोग थोड़ा तो अपनी अंतरात्मा को झकझोरों। इस वीडियो को देखने से साफ जाहिर है कि रघु शर्मा ने अजमेर पुलिस को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पुलिस को अपमानित करने के बाद रघु शर्मा अधिकारियों को धकेलते हुए थाने के अंदर चले गए और अपने समर्थकों के साथ धरने पर बेठे गए। 15 अक्टूबर की शाम से शुरू हुआ 16 अक्टूबर तक जारी है। रघु शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज गुर्जर की तुरंत रिहाई की मांग की है। सवाल उठता है कि आखिर अजमेर पुलिस इतनी अपमानित क्यों हो रही है? यदि कांग्रेस प्रत्याशी गुर्जर को सही मायने में गिरफ्तार किया गया है तो पुलिस अधिकारियों को रघु शर्मा को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए था। आखिर पुलिस की वर्दी पहने हुए अधिकारियों ने रघु शर्मा के गुस्से को क्यों स्वीकार किया? यह माना कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन सवाल यह भी है कि पुलिस अपमानित क्यों हो रही है? गुर्जर की गिरफ्तारी के प्रकरण में रघु शर्मा का कहना है कि जिस छोटू गिरि की शिकायत पर हंसराज गुर्जर को गिरफ्तार किया है उसी छोटू गिरि के खिलाफ पूर्व में गुर्जर ने शिकायत दी थी। तब पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। लेकिन जब गुर्जर ने जिला परिषद के वार्ड 12 से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया तो 13 अक्टूबर को आरोपी छोटू गिरि से शिकायत ली और गुर्जर को बेवजह गिरफ्तार कर लिया। जबकि कुछ दिनों पूर्व सरवाड़ पुलिस ने छोटू गिरि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। रघु शर्मा का आरोप है कि केकड़ी के भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम के दबाव में पुलिस गैर कानूनी काम कर रही है। इसी पुलिस ने पिछले दिनों शहरी निकाय के चुनाव में भी डराने धमकाने का काम किया था और अब पंचायतीराज के चुनाव में भी पुलिस कानून का दुरुपयोग कर रही है।
S.P.MITTAL BLOGGER ( 16-10-2026)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9166157932
To Contact- 9829071511
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment