Friday, 23 October 2026
चीनी सेना का सामना करने वाली भारत-तिब्बत सेना के पास आज भी पचास वर्ष पुराने हथियार।
महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कांग्रेस को मोदी सरकार पर हमला करने का हथियार दे दिया। 31 अक्टूबर को रिटायरमेंट।
================
23 अक्टूबर को राजस्थान के अलवर में एक समारोह में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने स्वीकार किया कि अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर भारत और चीन के सैनिक आमने सामने हैं। उन्होंने माना कि कई बार टकराव की स्थिति उत्पन्न हुई है। ऐसी स्थितियां अब भी जारी है, इसके साथ ही कपूर ने यह भी कहा कि आईटीबीपी के पास कई हथियार पचास साल पुराने हैं, जबकि चीन ने अपने हथियारों और सेन्य ढांचे के आधुनिकीकरण में भारी निवेश किया है। इसलिए पारंपरिक तरीकों से चीन के सैनिकों का मुकाबला करना मुश्किल होगा। कपूर ने यह बात तब कही है जब विपक्ष के नेता खास कर कांग्रेस के राहुल गांधी आए दिन चीन सीमा पर हो रहे विवाद को लेकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हैं। राहुल गांधी पहले भी चीन की घुसपैठ के आरोप लगा चुके हैं। लेकिन अब आईटीबीपी के महानिदेशक कपूर ने पचास वर्ष पुराने हथियारों से मुकाबले की जो बात कही है, उससे कांग्रेस को मोदी सरकार पर हमला करने का हथियार मिल गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से बार बार दावा किया जाता है कि भारत की सेना को भी आधुनिक हथियार उपलब्ध करवाए गए हैं। आईटीबीपी के महानिदेशक कह रहे हैं कि हमारे सैनिकों के पास आज भी पचास वर्ष पुराने हथियार हैं। स्वभाविक है कि कपूर के बयान को आधार बनाकर कांग्रेस अब मोदी सरकार पर हमलावर होगी। यहां यह खास तौर से उल्लेखनीय है कि शत्रुजीत कपूर आगामी 31 अक्टूबर को महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सितंबर माह में पीएम मोदी और शी जीनपिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई उसमें सीमा पर दोनों देशों के बीच तनाव को काम करने पर सहमति बनी थी। जिनपिंग ने भी सीमा क्षेत्रों से सैनिकों की संख्या घटाने पर सहमति दी थी। लेकिन आईटीबीपी के महानिदेशक कपूर का ताजा बयान दर्शाता है कि देश की जो सीमा चीन से सटी हुई है, उस पर तनाव बरकरार है।
S.P.MITTAL BLOGGER ( 24-10-2026)
Website- www.spmittal.in
Facebook Page- www.facebook.com/SPMittalblog
Follow me on Twitter- https://twitter.com/spmittalblogger?s=11
Blog- spmittal.blogspot.com
To Add in WhatsApp Group- 9166157932
To Contact- 9829071511
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment