Monday 7 March 2016

देश विरोधी तत्वों के खिलाफ नरेन्द्र मोदी सख्त कार्यवाही करें।


वेद विद्वान स्वामी गोविंद गिरि महाराज ने कहा। 
------------------------
देश दुनिया में वेद का प्रचार प्रसार और वेद पाठी विद्यार्थियों के निर्माण में लगे स्वामी गोविंद गिरी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। ऐसे तत्वों की वजह से भारत की एकता और अखंडता को खतरा उत्पन्न हो गया है। स्वामी गोविंद गिरि तीन दिवसीय प्रवास पर पुष्कर स्थित ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ पर आए हैं। 7 मार्च को पुष्कर से रवाना होने से पहले मैंने भी स्वामी गोविंद गिरि से मुलाकात की। मैंने स्वामी जी से देश के वर्तमान हालातों, नरेन्द्र मोदी की कार्यप्रणाली और वेदों के संबंध में जानकारी हासिल की। स्वामी जी ने मोदी के संबंध में कहा कि फिलहाल मोदी ने अपनी आंखों पर दूर-दृष्टि का चश्मा लगा रखा है, हो सकता है कि मोदी आज जो काम कर रहे हैं। उसके परिणाम तीन चार साल बाद सामने आएं। लेकिन मोदी को ऐसे काम भी करने चाहिए जिसके परिणाम जल्द से जल्द सामने आएं। यानि मोदी ऐसा चश्मा लगाएं जिसमें दूर और पास दोनों की स्थितियां नजर आती हों। मोदी माने या नहीं, लेकिन मात्र 20 माह में ही लोग कहने लगे हैं कि मोदी काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को कम से कम देश विरोधी तत्वों के खिलाफ तो सख्त कार्यवाही करनी ही चाहिए। देश की जनता ने जिन अपेक्षाओं के साथ भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलवाकर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, उन अपेक्षाओं पर अब खरा उतरना होगा। यदि मोदी राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ नरम रुख अपनाएंगे तो इसका खामियाजा अगले लोकसभा चुनाव में उठाना पड़ेगा। स्वामी गोविंद गिरि ने दावे के साथ कहा कि यदि राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ मोदी सख्त कार्यवाही करते हैं तो पूरा देश उनके साथ खड़ा होगा। 
मुसलमानों का भी है समर्थन:
स्वामी जी ने कहा कि उनका संवाद हिन्दू धर्म के साथ-साथ मुस्लिम धर्म गुरुओं से भी होता है। जो लोग आम मुसलमानों को नरेन्द्र मोदी के खिलाफ बताते हैं, वे झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाला मुसलमान भी तो हमारा ही है। जो मुसलमान इस देश की मिट्टी में पला और बढ़ा है। वह अपने देश के साथ गद्दारी कैसे कर सकता है? उन्होंने माना कि आतंकवादी घटनाओं में मुसलमान ही नजर आते हैं, लेकिन ऐसे मुसलमान भारत के नहीं, बल्कि बाहर के देशों के होते हैं। यदि नरेन्द्र मोदी राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्यवाही करेंगे तो देश के आम मुसलमान का भी समर्थन मिलेगा। 
वेद मंत्रों से खत्म हो सकता है आतंकवाद:
स्वामी गोविंद गिरि ने कहा कि वेद मंत्रों में इतनी ताकत है कि आतंकवाद को भी समाप्त किया जा सकता है। यही वजह है कि यूरोप के प्रमुख देश अब वेद शास्त्रों का बड़े पैमाने पर अध्ययन कर रहे है। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य वेद मंत्र बोलता है अथवा सुनता है तो उसके मस्तिष्क पर गहरा असर होता है। ऐसी कोई बुराई अथवा रोग नहीं है, जिसका इलाज वेदमंत्र के द्वारा न किया जा सके।  वेद मंत्रों के इस महत्त्व को ध्यान में रखते हुए ही महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान की ओर से देशभर में वेद विद्यालय खोले जा रहे हंै। इन विद्यालयों में छोटी उम्र से ही बच्चों को वेद पढ़ाए जाते हैं। देशभर में कोई 30 से भी ज्यादा वेद विद्यालय चल रहे हैं। इन विद्यालयों में तैयार विद्यार्थियों की मांग भारत में ही नहीं बल्कि यूरोप के देशों में भी है। हमारे वेद विद्यालयों में तैयार विद्यार्थियों से ही यूरोप के देश वेदशास्त्रों का अध्ययन करवा रहे हैं। स्वामी जी ने इस बात पर अफसोस जताया कि भारत की युवा पीढ़ी में वेदों की पढ़ाई के प्रति रुझान कम है। यहां तक कि संस्कृत भी नहीं पढ़ी जा रही है। यही वजह है कि बड़े शहरों में कर्मकांडों के लिए भी पंडित नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि असली पंडित तो वहीं है, जिसके पास वेद का ज्ञान हो। चूंकि हम अपने विद्यालयों में वेद की पढ़ाई कराते हैं। इसलिए हमारे विद्यार्थी आर्थिक दृष्टि से अपने पैरों पर भी खड़े हैं। इतना ही नहीं बड़े-बड़े कथा वाचकों के मुकाबले हमारे विद्यालयों में तैयार विद्यार्थी प्रभावी तरीके से भागवत कथा आदि का वाचन करते हैं। महेश व्यास नाम के विद्यार्थी ने पुष्कर के विद्यालय से ही अध्ययन किया और मात्र चार-पांच वर्ष में 100 बार से भी ज्यादा भागवत कथा कर चुके हैं। नानी बाई का मायरा भी 100 बार सुनाया जा चुका है। हमारे विद्यालयों में तैयार बच्चे कभी भी सशर्त भागवत कथा नहीं करते। जो भी दक्षिणा मिल जाए उसी के अनुरूप भागवत कथा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार कोअपने एक सदस्य को वेद विद्यालय में अवश्य पढ़ाना चाहिए। वेद शिक्षा हमारी भारतीय सनातन संस्कृति से भी जुड़ी हुई है। 
यहां से लेकर सकते हैं जानकारी:
स्वामी गोविंद गिरि महाराज ने कहा कि देशभर में चल रहे वेद विद्यालयों और हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी सदस्य की वेबसाइट www.dharmashree.org से प्राप्त की जा सकती है। 

 (एस.पी. मित्तल)  (07-03-2016)
(spmittal.blogspot.inM-09829071511

No comments:

Post a Comment